फिलीपींस में भूकंप से भारी तबाही, अब तक 19 लोगों की मौत, बिजली गुल

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य फिलीपींस में मंगलवार रात आए एक भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचा दी है। स्थानीय मीडिया ने बुधवार को बताया कि सेबू प्रांत में आए 6.9 तीव्रता के इस शक्तिशाली भूकंप से कम से कम 19 लोगों की दुखद मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं।

सेबू प्रांत के मेडेलिन नगरपालिका ने एक व्यक्ति की मौत और कई घायलों की पुष्टि की है। इसके अलावा, भूकंप के कारण दो पुलों को भी नुकसान पहुंचा है। भूकंप पीड़ितों को लगातार सेबू प्रांतीय अस्पताल (बोगो शहर) लाया जा रहा है, जिससे अस्पताल के मेडिकल स्टाफ की परेशानी काफी बढ़ गई है।

फिलीपींस के ज्वालामुखी और भूकंप विज्ञान संस्थान ने बताया कि स्थानीय समयानुसार मंगलवार रात 9:59 बजे यह भूकंप आया। शुरुआती 6.7 तीव्रता को बाद में संशोधित करके 6.9 किया गया। भूकंप का केंद्र बोगो शहर से लगभग 19 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में, 5 किलोमीटर की गहराई पर था।

मध्य और दक्षिणी फिलीपींस तक महसूस हुए झटके

भूकंप के झटके केवल सेबू तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि मध्य फिलीपींस के कई पड़ोसी प्रांतों के साथ-साथ दक्षिणी फिलीपींस के कुछ क्षेत्रों में भी महसूस किए गए। भूकंप के चलते कई गांवों की सड़कों को नुकसान पहुंचा। सबसे बड़ी दिक्कत यह हुई कि बिजली की लाइनें टूट गईं, जिसके कारण सेबू और आसपास के मध्य द्वीपों में बिजली गुल हो गई। हालांकि, फिलीपींस के राष्ट्रीय ग्रिड निगम के अनुसार, आधी रात के तुरंत बाद सेबू और चार अन्य प्रमुख मध्य द्वीपों में बिजली बहाल कर दी गई।

Also Read: Muzaffarnagar News: ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, 6 लोगों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.