प्रयागराज के मनौरी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 5 लोगों की मौत, धमाके से जमींदोज हुए कई मकान
Prayagraj News: प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र स्थित मनौरी गांव में सोमवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। विस्फोट इतने शक्तिशाली थे कि पास के कई मकान जमींदोज हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। इस हादसे में फिलहाल 5 लोगों की मौत और 22 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है।
एक घंटे तक होते रहे धमाके
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे अचानक मकान से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते पटाखों में एक के बाद एक भीषण धमाके होने लगे, जो करीब एक घंटे तक जारी रहे। जिस मकान में आग लगी, वह मनौरी निवासी आदिल का बताया जा रहा है। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास में स्थित बूंदी कारखाने और आटा चक्की में काम कर रहे लोग भी इसकी चपेट में आ गए।

राहत और बचाव कार्य जारी
धमाकों से आसपास के ग्रामीण दहल उठे और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कौशांबी के डीएम, एसपी और एसीपी धूमनगंज रवि गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए बुलडोजर बुलाकर मलबा हटाने का काम जारी है। घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Also Read: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर मायावती ने ली 75 जिलों के अध्यक्षों की बैठक

