बाराबंकी की अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 2 लोगों की मौत, 3 की हालत गंभीर
Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। टिकैतनगर थाना क्षेत्र के सराय बरई गांव में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार को जोरदार धमाका हुआ है। यह धमाका इतना भीषण था कि इसकी आवाज़ लगभग 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
इस भयानक हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो गई है, जिनके शरीर के चीथड़े उड़ गए। वहीं, तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। धमाके के तुरंत बाद फैक्ट्री और आसपास के कुछ मकानों में आग लग गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

आसपास के मकानों में पड़ी दरारें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि इससे आसपास के कई मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके के बाद भी कुछ देर तक छोटे-छोटे विस्फोट होते रहे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियाँ और भारी पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस और दमकलकर्मी युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

अवैध रूप से चल रही थी फैक्ट्री
प्राथमिक जाँच में पता चला है कि यह पटाखा फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। ग्रामीणों ने बताया कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का बिल्कुल भी पालन नहीं किया जा रहा था। लोगों ने पहले भी इसकी शिकायत की थी, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वरिष्ठ अधिकारी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच गए हैं और जाँच-पड़ताल में जुट गए हैं। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है।
Also Read: अम्बेडकरनगर: पुलिस मुठभेड़ में 10 हजार का इनामी बदमाश घायल, साथी समेत 2 गिरफ्तार

