फर्रुखाबाद में कोचिंग सेंटर के पास भीषण विस्फोट: दो छात्रों की मौत, नौ घायल

फर्रुखाबाद: शहर के सेंट्रल जेल चौराहे के पास संचालित सन लाइब्रेरी सेल्फ स्टडी प्वाइंट कोचिंग के बाहर शनिवार दोपहर करीब तीन बजे एक जोरदार विस्फोट हो गया। इस भीषण धमाके में कोचिंग में पढ़ रहे दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य छात्र-छात्राएं घायल हो गए।

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कोचिंग की इमारत की मोटी दीवारों का मलबा 50 मीटर दूर तक बिखर गया और भवन का मलबा करीब 200 मीटर दूर जा गिरा। धमाके के बाद घटनास्थल से बारूद की तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे अवैध पटाखा भंडारण की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अधिकारी प्राथमिक तौर पर विस्फोट की वजह सेफ्टी टैंक में मीथेन गैस के रिसाव को मान रहे हैं।

दो छात्रों की मौत, कई घायल कानपुर रेफर

जिस समय यह हादसा हुआ, कोचिंग सेंटर में 50 से अधिक छात्र-छात्राएं मौजूद थे। विस्फोट से नौ बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके के बाद कोचिंग सेंटर के बाहर लहूलुहान हालत में मिले छात्र आकाश सक्सेना (24) और 50 मीटर दूर गड्ढे में मिले छात्र आकाश कश्यप (22) की मौत हो गई। धमाके से आकाश कश्यप के परखच्चे उड़ गए थे। हादसे में घायल वेदांत यादव (12) की गंभीर हालत देखते हुए उसे कानपुर रेफर किया गया है।

अन्य घायलों में पीयूष यादव (12), निखिल यादव (9), अंशिका गुप्ता (11), अभय (10) और दो सगे भाई अंशुल यादव (14) व आयुष यादव (13) का इलाज चल रहा है।

घटनास्थल पर डीएम-एसपी

विस्फोट के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार उठ गया और धमाके की गूँज एक किलोमीटर दूर तक महसूस की गई, जिससे आस-पास के मकान भी हिल गए। कोचिंग के शीशे, फर्नीचर, कंक्रीट की स्लैब और लोहे की जालियाँ ध्वस्त हो गईं।

सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को लोहिया अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से बातचीत की और फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

डीएम ने कहा कि प्राथमिक जाँच में मामला सीवर टैंक में बनी मीथेन गैस के रिसाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन फॉरेंसिक एक्सपर्ट मामले की गंभीरता से जाँच कर रहे हैं और धमाके के अन्य सभी बिंदुओं पर भी जाँच की जा रही है।

Also Read: हिमाचल बाढ़ राहत: टीम लखनऊ ने मंडी के स्कूली बच्चों को बांटे बैग, चेहरों पर लौटी मुस्कान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.