दक्षिण अफ्रीका के टेबल माउंटेन में फिर भड़की भीषण आग, हेलीकॉप्टर और दमकल कर्मियों की तैनाती
Sandesh Wahak DIgital Desk: दक्षिण अफ्रीका के प्रसिद्ध टेबल माउंटेन के ढलानों पर एक बार फिर भीषण आग लग गई है। आग को नियंत्रित करने के लिए 100 से अधिक दमकल कर्मियों को तैनात किया गया है। राष्ट्रीय उद्यान अधिकारियों के अनुसार, इस आग को केपटाउन तक पहुंचने से पहले ही काबू में करने के प्रयास जारी हैं। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे हालात और भी गंभीर हो गए हैं।
हेलीकॉप्टर और विमानों से किया जा रहा आग पर काबू
टेबल माउंटेन का प्रबंधन करने वाली संस्था ‘साउथ अफ्रीकन नेशनल पार्क्स’ ने जानकारी दी है कि आग पर काबू पाने के लिए 115 दमकल कर्मियों के अलावा चार हेलीकॉप्टर और दो विमानों को भी तैनात किया गया है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने में आंशिक सफलता हासिल की है, लेकिन तेज़ हवाओं के चलते हालात लगातार बदल रहे हैं।
दिसंबर से अप्रैल के बीच बढ़ जाता है आग का खतरा
केपटाउन में इस समय G20 देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक चल रही है, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आग से इस बैठक को कोई खतरा नहीं है। गौरतलब है कि केपटाउन क्षेत्र में दिसंबर से अप्रैल के बीच गर्म और शुष्क मौसम के कारण आग लगने की घटनाएं आम हैं। इस दौरान तेज़ तटीय हवाओं की वजह से जंगलों में लगी आग तेजी से फैल जाती है।
2021 में टेबल माउंटेन पर लगी थी विनाशकारी आग
टेबल माउंटेन पर साल 2021 में भी एक भयावह आग लगी थी, जिसने केपटाउन विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक इमारतों को भारी नुकसान पहुंचाया था और कई इलाकों को खाली कराना पड़ा था। हालांकि, इस बार की आग में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
राष्ट्रीय उद्यान अधिकारियों ने बताया कि दमकल कर्मी रातभर तैनात रहेंगे क्योंकि अगर हवाएं तेज हुईं तो आग और भी फैल सकती है। प्रशासन स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है और आग पर जल्द नियंत्रण पाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

