मुंबई के मुलुंड में लेबर कैंप में लगी भीषण आग, 7 एलपीजी सिलेंडर फटे

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के मुलुंड ईस्ट स्थित टाटा कॉलोनी के एक लेबर कैंप में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। यह कैंप धारावी के विस्थापित परिवारों के पुनर्वास प्रोजेक्ट परिसर में मजदूरों के रहने के लिए G+1 (दो मंजिला) ढांचे में बनाया गया था। आग की लपटें उठते ही कैंप में मौजूद मजदूरों में भगदड़ मच गई और वे अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे।

15 दमकल गाड़ियां मौके पर

शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट होना माना जा रहा है। जोनल डीसीपी के मुताबिक, हादसे के दौरान अब तक करीब 7 गैस सिलेंडर फटने की पुष्टि हुई है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 गाड़ियां, एम्बुलेंस और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते पूरे कैंप को सुरक्षित खाली करा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

गोरेगांव में खड़ी टूरिस्ट बस में भी लगी आग

इससे पहले मुंबई के गोरेगांव (वेस्ट) में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर गोरेगांव मेट्रो स्टेशन के ठीक नीचे खड़ी एक टूरिस्ट बस में अचानक आग लग गई। तकनीकी खराबी महसूस होने पर चालक बस से नीचे उतरा ही था कि धमाके के साथ बस में आग की लपटें उठने लगीं। बस से उठने वाला घना धुआं ऊपर मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गया, जिससे यात्रियों में अफरा-फफरी मच गई और सुरक्षा के लिहाज से स्टेशन खाली कराना पड़ा। दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस हादसे में भी कोई हताहत नहीं हुआ।

Also Read: वोट चोरी के आरोपों को 42 पूर्व जजों ने बताया लोकतंत्र के लिए खतरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.