नोएडा के मामूरा गाँव में इलेक्ट्रिक बाइक में स्पार्किंग से लगी भीषण आग, दम घुटने से महिला समेत दो की मौत

Noida News: दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गाँव से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ एक बहुमंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर चार्ज हो रही इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इस स्पार्किंग से निकली चिंगारी ने पास में ही खड़े अन्य पेट्रोल वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसने देखते ही देखते एक भीषण आग का रूप अख्तियार कर लिया। इस दर्दनाक हादसे में दम घुटने के कारण एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई है।

दमकल की 7 गाड़ियों ने बुझाई आग

मामूरा गाँव एक बेहद व्यस्त और घनी आबादी वाला क्षेत्र है। ऐसे में आग की लपटें उठते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 7 गाड़ियाँ और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म को तुरंत काम पर लगाया गया।

जिस जी-4 नामक इमारत में आग लगी थी, उसमें लगभग 50 परिवार निवास कर रहे थे। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी परिवारों को सकुशल बाहर निकाला गया। इमारत में फैले अत्यधिक जहरीले धुएं के कारण दो लोगों की हालत बेहद गंभीर हो गई। उन्हें एम्बुलेंस के जरिए तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा की इस गंभीर घटना का तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की खुद मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि प्रशासन हर स्तर पर पूरी सतर्कता बरते और हादसे में प्रभावित या घायल हुए लोगों को अस्पताल में तत्काल हर संभव और समुचित इलाज मुहैया कराया जाए।

मकान मालिक हिरासत में

इस हादसे के बाद नोएडा के थाना फेस-3 पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सख्त कानूनी कदम उठाए हैं। पुलिस ने संबंधित इमारत के मकान मालिक/लीज़ धारक के खिलाफ लापरवाही बरतने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने से जुड़ी सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर अभी भी प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं और स्थिति का बारीकी से मुआयना किया जा रहा है।

Also Read: कपिलवस्तु में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का भव्य स्वागत, विधायक श्यामधनी राही की अगुवाई में हुआ अभिनंदन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.