दिल्ली के सदर बाजार में लगी भीषण आग, दमकल की 10 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाकों में से एक सदर बाजार शनिवार दोपहर अफरा-तफरी का केंद्र बन गया, जब वहां की एक दुकान की पहली मंजिल पर भीषण आग लग गई। घटना दोपहर करीब 3:50 बजे की है, जब आग की लपटें अचानक उठती दिखीं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। साथ ही, रेस्क्यू ऑपरेशन भी जारी है ताकि किसी भी संभावित जान-माल के नुकसान को टाला जा सके।
तेजी से फैली आग, इलाके में मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग पहले दुकान की पहली मंजिल पर लगी और फिर तेजी से धुआं और लपटें पूरे ढांचे में फैलने लगीं। सदर बाजार में आम दिनों में भारी भीड़ रहती है, ऐसे में आग की खबर फैलते ही लोग इधर-उधर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में करने की कोशिशें शुरू कीं।
भारी नुकसान की आशंका, प्रशासन ने की अपील
हालांकि अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन दुकान में रखे माल के भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से घटनास्थल के पास भीड़ न लगाने की अपील की है ताकि दमकलकर्मी और राहत टीम अपना काम सुचारु रूप से कर सकें।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, और प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है। स्थिति पर पूरी तरह से नियंत्रण पाने के बाद ही वास्तविक नुकसान और कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
Also Read: कोलकाता IIM में काउंसलिंग सेशन के दौरान छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

