मुंबई में ईडी दफ्तर की बिल्डिंग में लगी भीषण आग, छह घंटे से ज्यादा समय बाद भी राहत कार्य जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: दक्षिण मुंबई के ‘बलार्ड एस्टेट’ इलाके में शनिवार देर रात प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय की इमारत में भीषण आग लग गई और आग बुझाने का काम छह घंटे से अधिक समय बाद भी जारी रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि शनिवार देर रात दो बजकर 31 मिनट पर दमकल विभाग को कुरिमभॉय रोड पर ग्रैंड होटल के पास पांच मंजिला इमारत ‘कैसर-ए-हिंद’ की चौथी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली। इसी इमारत में प्रवर्तन निदेशालय का कार्यालय है।

उन्होंने बताया कि काफी प्रयासों के बावजूद आग भड़कती रही। दमकल विभाग के अधिकारी ने कहा कि अग्निशमन कर्मी आग पर काबू पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। दमकल विभाग के नियंत्रण कक्ष ने पुष्टि की कि रविवार तड़के चार बजकर 17 मिनट पर आग ‘स्तर-तीन’ तक बढ़ गई जिसे आम तौर पर बड़ी आग माना जाता है।

अग्निशमन की कम से कम आठ गाड़ियां, पानी के टैंकर और अन्य राहत संसाधन मौके पर तैनात हैं। अधिकारी ने बताया कि कार्यालय के अंदर कई दस्तावेजों और उपकरणों के खाक होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि आग लगने का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

Also Read: भारतीय नौसेना ने दिखाया दम, अरब सागर में तैनात युद्धपोतों से एंटी-शिप मिसाइलों का किया परीक्षण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.