कैलिफोर्निया के जंगल में लगी भीषण आग, 82,000 एकड़ इलाका जलकर खाक; खतरे में इमारतें
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य कैलिफोर्निया के जंगल में लगी भीषण आग ने तबाही मचा दी है। पिछले पाँच दिनों में यह आग 82,000 एकड़ (लगभग 332 वर्ग किलोमीटर) से ज़्यादा इलाके में फैल चुकी है और सैकड़ों इमारतों के लिए खतरा बनी हुई है।
अमेरिकी वन सेवा के अधिकारियों के अनुसार, इस आग को ‘गिफोर्ड फायर’ नाम दिया गया है। शुक्रवार दोपहर को कैलिफोर्निया हाईवे के पास चार अलग-अलग जगहों पर लगी आग एक विकराल रूप में बदल गई। अब यह आग सैन लुइस ओबिस्पो और सांता बारबरा काउंटी के इलाकों में तेज़ी से फैल रही है।
लाखों एकड़ ज़मीन जली, 870 से ज़्यादा इमारतें खतरे में
अधिकारियों ने बताया कि इस आग की चपेट में आने से 870 से ज़्यादा इमारतें खतरे में हैं। मंगलवार सुबह तक आग पर सिर्फ 7% ही काबू पाया जा सका है। आग से प्रभावित सांता बारबरा और सैन लुइस ओबिस्पो के लोगों को अपने घर खाली करने का आदेश दिया गया है। आग बुझाने के लिए 1,900 से ज़्यादा दमकलकर्मी, 115 फायर इंजन, 23 बुलडोज़र और 30 पानी के टैंकर लगाए गए हैं। आग पर काबू पाने के लिए हवाई टैंकरों और हेलीकॉप्टरों की मदद भी ली जा रही है।
खतरनाक धुआं फैला, स्वास्थ्य को लेकर चेतावनी
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इलाके में गर्मी और सूखा मौसम बना रहेगा, जिससे आग पर काबू पाने में और मुश्किल हो सकती है। सांता बारबरा काउंटी अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता कैप्टन स्कॉट सेफचुक ने बताया कि आग ऊँची और खड़ी ढलानों पर फैल रही है, जिससे धुआँ काफी ज़्यादा हो गया है। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने चेतावनी दी है कि यह धुआँ दक्षिण-पश्चिम कैलिफोर्निया के कई हिस्सों तक फैल सकता है, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है।
Also Read: Kanpur News: प्रेमी के भागते ही युवती से दरिंदगी, वीडियो बनाकर मांगी फिरौती

