इराक के शॉपिंग मॉल में लगी भीषण आग, 50 लोगों की जलकर मौत, तीन दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित

Sandesh Wahak Digital Desk: इराक में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अल-कुट शहर के एक शॉपिंग मॉल में बुधवार को लगी भीषण आग में कम से कम 50 लोगों के जिंदा जलकर मारे जाने की खबर है। इस हादसे ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया है।

न्यूज एजेंसी एएफपी (AFP) के मुताबिक, यह त्रासदी अल-कुट के एक सुपरमार्केट में हुई। वायरल हो रही तस्वीरों में इमारत का एक बड़ा हिस्सा आग की लपटों में घिरा और चारों तरफ धुएं का गुबार उठता साफ दिखाई दे रहा है।

आग की लपटों में घिरी पांच मंजिला इमारत

हादसे से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें पांच मंजिला इमारत पूरी तरह से आग की चपेट में दिखाई दे रही है, और दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। वासित प्रांत के गवर्नर मोहम्मद अल-मियाही ने एक समाचार एजेंसी को बताया, एक बड़े शॉपिंग सेंटर में लगी इस आग में मरने वाले पीड़ितों की संख्या लगभग 50 हो गई है। हालांकि, आग लगने का सही कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

रेस्टोरेंट और हाइपरमार्केट में लगी आग

गवर्नर मोहम्मद अल-मियाही ने बताया कि आग एक हाइपरमार्केट और एक रेस्टोरेंट में लगी थी। जिस समय आग लगी, उस वक्त कई लोग वहां खाना खा रहे थे और खरीदारी कर रहे थे। गवर्नर ने यह भी बताया कि दमकलकर्मियों ने कई लोगों को सुरक्षित बचाया है और आग पर काबू पा लिया है। इस दर्दनाक हादसे की वजह से पूरे देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, गवर्नर मोहम्मद अल-मियाही ने इमारत और मॉल के मालिक के खिलाफ मुकदमा भी दायर कर दिया है।

Also Read: पटना के पारस अस्पताल में भर्ती चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.