मुंबई के धारावी में भीषण आग, गोडाउन और झुग्गियां जलकर राख, माहिम स्टेशन के पास हार्बर लोकल सेवा प्रभावित
Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई के धारावी इलाके में शनिवार दोपहर भीषण आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह आग नवरंग कंपाउंड, प्लॉट नंबर-1, रेलवे फाटक के पास स्थित एक गोडाउन में लगी, जो धीरे-धीरे पास की झुग्गी-झोपड़ियों तक फैल गई।
स्थानीय लोगों ने आग की लपटें देखते ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग को लेवल-1 फायर कॉल घोषित किया गया। जानकारी के मुताबिक, आग की शुरुआत ग्राउंड प्लस वन स्ट्रक्चर्ड गोडाउन में हुई, लेकिन आग का दायरा पास के माहिम स्टेशन इलाके तक पहुंच गया, जहाँ कई झोपड़ियाँ इसकी चपेट में आ गईं। यह घटना करीब 12:15 बजे की है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, 7 दमकल गाड़ियाँ मौके पर
आग बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियाँ तुरंत मौके पर पहुंचीं। वर्तमान में 7 फायर इंजन और 7 वाटर जेटी पूरी क्षमता के साथ आग पर नियंत्रण पाने में लगे हुए हैं। मौके पर बीएमसी की मुंबई फायर ब्रिगेड (MAMB), पुलिस, 108 एम्बुलेंस और बीएमसी के वार्ड कर्मचारी रेस्क्यू अभियान में जुटे हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। दमकल अधिकारी आग की तीव्रता को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं।
हार्बर लाइन ट्रेन सेवाएं प्रभावित
आग लगने की वजह से हार्बर लाइन की लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। पश्चिमी रेलवे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। रेलवे ने पोस्ट में लिखा, माहिम और बांद्रा के बीच ईस्ट साइड में हार्बर लाइन के पास झुग्गियों में आग लगने की घटना के कारण, सुरक्षा के तौर पर ओवरहेड इक्विपमेंट की बिजली सप्लाई काट दी गई है। इसे देखते हुए, हार्बर लाइन ट्रेन सर्विस को तब तक रेगुलेट किया गया है जब तक स्थिति कंट्रोल में नहीं आ जाती।
Also Read: जम्मू-कश्मीर में मनरेगा के कार्य दिवस 100 से बढ़कर हुए 150, LG मनोज सिन्हा ने जताया PM मोदी का आभार

