लखनऊ में 7 करोड़ के पर्यटन घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, EOW टीम ने किया गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ–गाजीपुर जिले में पर्यटन विकास की आड़ में हुए 7 करोड़ रुपये के बड़े घोटाले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को आखिरकार ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) की टीम ने लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम जितेंद्र सिंह है, जो राजकीय निर्माण निगम में उप अभियंता के पद पर तैनात था।

ईओडब्ल्यू ने उसे लखनऊ के निशातगंज स्थित ऑफिस से हिरासत में लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस घोटाले के कई और चेहरे भी सामने आ सकते हैं।

5 पर्यटन स्थलों पर अधूरे और घटिया काम, लेकिन पूरा पेमेंट

घोटाला गाजीपुर जिले के पांच पर्यटन स्थलों – परमान शाह तालाब, सेवराई का चीरा पोखरा, मां कामाख्या धाम (गहमर), देवकली स्थल और कीनाराम स्थल (देवल) – से जुड़ा है। सरकार ने इन जगहों के सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ों की रकम जारी की थी। लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही निकली।

जांच में सामने आया कि जितेंद्र सिंह ने 32 फर्मों को 2.41 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया, जबकि इन फर्मों ने ना तो काम पूरा किया और ना ही गुणवत्ता का कोई ध्यान रखा। काम अधूरा छोड़ा गया और जो थोड़ा-बहुत किया गया, वह भी मानकों से बाहर था।

2012-13 से चल रही थी घोटालेबाज़ी, 2017 में दर्ज हुई पहली FIR

यह घोटाला 2012-13 के दौरान हुआ था और इसकी पहली FIR 2017 में दर्ज की गई थी। तत्कालीन संयुक्त निदेशक पर्यटन (वाराणसी) अविनाश चंद्र मिश्रा ने गहमर थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में कुल 26 लोगों की भूमिका सामने आई थी। अब तक 14 आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।

ठेकेदारों और अफसरों की मिलीभगत से लूटा गया सरकारी पैसा

ईओडब्ल्यू की जांच में सामने आया कि इस घोटाले में ठेकेदारों और निगम के अधिकारियों की साठगांठ थी। कागजों पर काम पूरा दिखा दिया गया, जबकि हकीकत में या तो काम किया ही नहीं गया या बेहद घटिया स्तर का किया गया। सरकारी पैसों का खुलेआम दुरुपयोग हुआ। अब जितेंद्र सिंह की गिरफ्तारी के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि इस घोटाले की और भी परतें खुलेंगी। ईओडब्ल्यू की टीम अब ठेकेदारों और अन्य अधिकारियों को भी पूछताछ के दायरे में लेने की तैयारी कर रही है।

 

Also Read: Balrampur News: छांगुर से जुड़े 14 ठिकानों पर ED की छापेमारी, मनी लॉन्ड्रिंग और…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.