T20 वर्ल्ड कप से पहले फूटा मैच फिक्सिंग का बम, इस धाकड़ बल्लेबाज पर ICC का बड़ा एक्शन

Sandesh Wahak Digital Desk: टी20 वर्ल्ड कप से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा भ्रष्टाचार मामला सामने आया है।

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अमेरिका (USA) के स्टार बल्लेबाज़ आरोन जोंस को मैच फिक्सिंग से जुड़े मामलों में दोषी पाते हुए सभी तरह की क्रिकेट गतिविधियों से तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।

यह कार्रवाई ICC और क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) की एंटी-करप्शन यूनिट की संयुक्त जांच के बाद की गई है।

ICC और CWI ने जोंस पर एंटी-करप्शन कोड के पांच गंभीर उल्लंघनों का आरोप लगाया है। इनमें मैच फिक्सिंग, फिक्सिंग की कोशिश, संदिग्ध व्यक्तियों से संपर्क की जानकारी छिपाना और जांच में सहयोग न करना शामिल है।

ICC के अनुसार, जांच के दौरान जोंस ने अहम जानकारियां छुपाईं और सबूतों से छेड़छाड़ भी की।

Aaron Jones

Bim10 टूर्नामेंट और इंटरनेशनल मैचों से जुड़े आरोप

ICC की ओर से जारी बयान में बताया गया कि तीन आरोप 2023–24 के Barbados Bim10 टूर्नामेंट से जुड़े हैं, जो CWI की एंटी-करप्शन यूनिट के दायरे में आता है। वहीं, दो आरोप इंटरनेशनल क्रिकेट से संबंधित हैं, जिस वजह से ICC ने भी इस मामले में सीधी कार्रवाई की है।

14 दिन में देना होगा जवाब

ICC ने स्पष्ट किया है कि आरोन जोंस को 28 जनवरी के बाद 14 दिनों के भीतर आरोपों पर अपना जवाब दाखिल करना होगा।

फिलहाल, वह USA की टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी टीम का हिस्सा थे, लेकिन निलंबन के चलते अब किसी भी तरह के चयन के लिए अयोग्य हो गए हैं।

आरोन जोंस का इंटरनेशनल करियर

31 वर्षीय आरोन जोंस ने 2019 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उन्होंने अमेरिका के लिए अब तक 100 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें 52 वनडे और 48 टी20 इंटरनेशनल शामिल हैं।

इसके अलावा वह मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में सिएटल ऑर्कास और कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में सेंट लूसिया किंग्स की ओर से भी खेल चुके हैं।

2024 T20 वर्ल्ड कप में चमका था सितारा

2024 टी20 वर्ल्ड कप में आरोन जोंस ने शानदार प्रदर्शन कर पूरी दुनिया का ध्यान खींचा था। उन्होंने कनाडा के खिलाफ 40 गेंदों पर नाबाद 94 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी।

वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ भी उन्होंने 26 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाकर USA की यादगार जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इसी टूर्नामेंट में उन्होंने अमेरिका टीम की कप्तानी भी की थी।

करियर की ऊंचाइयों से विवादों तक

वेस्टइंडीज के क्रिकेट सिस्टम से निकलकर अमेरिका की रीढ़ बने आरोन जोंस ने शाई होप, जेसन होल्डर, निकोलस पूरन और रोवमैन पॉवेल जैसे खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेला।

लेकिन अब उनका नाम मैच फिक्सिंग जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ गया है, जिसने उनके करियर पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

ICC ने संकेत दिए हैं कि यह मामला एक व्यापक जांच का हिस्सा है और आने वाले दिनों में अन्य खिलाड़ियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

Also Read: RCB के बाद अब राजस्थान रॉयल्स? IPL में फ्रेंचाइजी बिक्री की बड़ी तैयारी, लगी इतने करोड़ की बोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.