Mathura News: महिला अफसर से यौन शोषण के आरोप में डिप्टी कमिश्नर समेत 7 अधिकारी निलंबित, पढ़िए पूरी खबर
Sandesh Wahak Digital Desk: मथुरा में तैनात राज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर कमलेश कुमार पांडेय पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगने के बाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपों की पुष्टि के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही उस छह सदस्यीय आंतरिक परिवाद (विशाखा) समिति को भी निलंबित कर दिया गया है, जिस पर आरोपी अधिकारी को बचाने का आरोप है।
मंगलवार देर शाम संयुक्त सचिव रघुबीर प्रसाद ने निलंबन आदेश जारी किया। यह राज्य कर विभाग में यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़े मामलों में की गई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।
क्या है मामला?
कमलेश कुमार पांडेय मथुरा खंड-1 में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात थे। उनकी अधीनस्थ एक महिला अधिकारी ने आरोप लगाया कि पांडेय ने कई मौकों पर उनके साथ अनैतिक व्यवहार किया और यौन शोषण किया। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए, जिसके बाद उन्हें उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली के तहत निलंबित कर दिया गया और बांदा स्थित संयुक्त आयुक्त कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया।
जांच समिति पर भी कार्रवाई
महिला अधिकारी की शिकायत की जांच आंतरिक परिवाद समिति (विशाखा) को सौंपी गई थी। आरोप है कि समिति ने निष्पक्ष जांच के बजाय आरोपी को बचाने का प्रयास किया। इस पर समिति की सभी छह सदस्य निलंबित कर दिए गए हैं। इनमें सहायक आयुक्त कोमल छाबड़ा, उपायुक्त प्रतिभा, सहायक आयुक्त पूजा गौतम, उपायुक्त संजीव कुमार, राज्य कर अधिकारी सुनीता देवी और उपायुक्त वीरेन्द्र कुमार शामिल हैं।
जांच अधिकारी नियुक्त
पूरा मामला गंभीर होने के कारण राज्य कर विभाग ने विशेष सचिव कृतिका ज्योत्सना को जांच अधिकारी नामित किया है। वे डिप्टी कमिश्नर कमलेश कुमार पांडेय और समिति के छह सदस्यों के खिलाफ आरोपों की विस्तृत जांच करेंगी।
Also Read: Lucknow News: शहर के इन आठ जोन में नो-पार्किंग, अगर खड़े किए वाहन तो होगी कार्रवाई, 16 क्रेनें तैयार

