मथुरा हादसा: यमुना एक्सप्रेसवे दुर्घटना में 4 की मौत, CM योगी ने मुआवजे का किया एलान
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही, उन्होंने घायलों को सर्वोत्तम और समुचित इलाज दिए जाने के निर्देश भी दिए हैं।
यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन-127, बलदेव, मथुरा में मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे ये हादसा हुआ। घने कोहरे के कारण सात बसें और तीन छोटी गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिसके बाद गाड़ियों में आग लग गई। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं।
प्रशासन और राहत कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “गाड़ियाँ टकराने और उनमें आग लगने से यह भीषण दुर्घटना हुई। मुख्यमंत्री ने घटना का तुरंत संज्ञान लिया और बचाव व मदद के निर्देश दिए हैं।” मौके पर आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ और आला अधिकारी मौजूद थे। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मुख्यमंत्री की घोषणाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिजनों को: ₹2 लाख रुपये प्रति परिवार की आर्थिक सहायता दी जाए। घायलों को सर्वोत्तम संभव उपचार सुनिश्चित किया जाए। दुर्घटना के कारण बड़ी संख्या में यात्री परेशान हैं और प्रशासन यातायात सुचारू करने में जुटा है।
Also Read: संसद में आज पेश होगा ‘VB-G Ram G Bill’, मनरेगा की जगह लेगा यह कानून

