Mathura: यमुना एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक की जोरदार टक्कर, 4 लोगों की मौत, 17 लोग घायल
Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में Yamuna Expressway पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना राया क्षेत्र के माइलस्टोन-112 के पास एक स्लीपर बस और ट्रेलर की जोरदार टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते पुलिस, एंबुलेंस और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
राहत-बचाव अभियान तेज, घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया और डॉक्टरों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
मृतकों की पहचान कराने और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद सामान्य कराया गया।
हादसे की वजह की जांच शुरू
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में ट्रेलर और बस की टक्कर के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Also Read: Lucknow Fire: फर्जी सिग्नेचर, फर्जी NOC, 15 मौतों के बाद खुली लापरवाही की पूरी कहानी

