Mathura News: BJP जिलाध्यक्ष के घर पर फायरिंग, कैबिनेट मंत्री के भतीजे को मिली जान से मारने की धमकी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में अपराधी इतने बेखौफ हो गए हैं कि उन्होंने कोसीकलां स्थित BJP जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय के घर को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। इसके कुछ देर बाद ही कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण के भतीजे नरदेव चौधरी को भी फोन पर जान से मारने की धमकी मिली। घटना के समय नरदेव चौधरी भी जिलाध्यक्ष के घर पर मौजूद थे।

फायरिंग और धमकी का पूरा मामला

जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे बाइक सवार बदमाश उनके घर के बाहर रुके और तीन से चार राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। फायरिंग के तुरंत बाद, जिलाध्यक्ष के घर पर मौजूद नरदेव चौधरी के मोबाइल फोन पर एक कॉल आया। फोन करने वाले ने धमकी देते हुए कहा अगर तुम जिलाध्यक्ष के हिमायती बने तो पहले तुम्हें रास्ते से हटाऊंगा।

दोनों नेताओं ने पुलिस को बताया कि हमलावर और फोन करने वाला एक चर्चित अपराधी है, जो हाल ही में जमानत पर जेल से छूटा है। उसके खिलाफ मथुरा के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। सूचना मिलते ही कोसीकलां पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन फोनकर्ता का नंबर ट्रेस करने पर भी कोई सफलता नहीं मिली।

पुलिस की कार्रवाई

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की शिनाख्त कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय के घर पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Also Read: UP News: 7 साल से फरार 2 लाख का इनामी हत्यारा बरेली से गिरफ्तार, STF ने की बड़ी कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.