Mathura: यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, 6 लोगों की मौके पर मौत, कई घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के दो दर्दनाक हादसों ने कई परिवारों की खुशियों को मात में बदल दिया। पहले हादसे में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ईको कार को टक्कर मार दी, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं, दूसरे हादसे में एक तेज रफ्तार बस पलट गई, जिसमें 29 यात्री घायल हो गए।
ईको कार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, छह की मौत
शनिवार सुबह करीब 3 बजे मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 140 के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। नोएडा से आगरा जा रही ईको कार को किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही छह लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग बुरी तरह घायल हो गए।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
धर्मवीर, पुत्र जवर सिंह, निवासी हरलालपुरा थाना बासोनी, आगरा
रोहित और आर्यन, पुत्रगण धर्मवीर
दलवीर उर्फ छुल्ले
पारस सिंह तोमर, पुत्र विश्वनाथ सिंह, निवासी बढ़पुरा हुसैद, थाना महोबा, मध्य प्रदेश
वहीं, सोनी (पत्नी धर्मवीर) और पायल (पुत्री धर्मवीर) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं। पुलिस ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मथुरा के क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार राय और थाना प्रभारी रंजना सचान ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।
बस चालक को झपकी आई, बस पलटी, 29 घायल
इसी दिन एक और हादसा माइलस्टोन 131 के पास हुआ, जहां दिल्ली से मध्य प्रदेश के भिंड जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ जब चालक को झपकी आ गई। बस में करीब 60 से 65 यात्री सवार थे। इनमें से 29 लोग घायल हुए, जिनमें से 3 की हालत गंभीर है। जिन घायलों की स्थिति ज्यादा खराब है। इन चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें दूसरे वाहन से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
एक्सप्रेस-वे पर रफ्तार बनी मौत की वजह
एक ही सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए दो बड़े हादसे तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुए। हादसे ने न सिर्फ कई जानें ले लीं, बल्कि दर्जनों लोगों को घायल कर दिया। प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी है, साथ ही घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
Also Read: यूपी में होम्योपैथिक मेडिकल स्टोरों की होगी जांच, गैरहाज़िर डॉक्टरों पर भी कसेगा शिकंजा

