Mathura News: कोबरा ने काटा तो उसे जेब में डालकर ई-रिक्शा चलाता हुआ अस्पताल पहुंचा शख्स, डॉक्टरों के उड़े होश
Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिला अस्पताल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मरीज इलाज के लिए डॉक्टर के पास पहुंचा और अपनी जेब से हाथ डालकर साक्षात मौत यानी एक जिंदा कोबरा बाहर निकाल लिया। शख्स का इरादा डॉक्टर को यह दिखाना था कि उसे किस सांप ने काटा है, लेकिन अस्पताल में यह नजारा देख लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे।
यह अनोखी घटना मथुरा के नगला शिवाजी इलाके की है। यहाँ रहने वाले ई-रिक्शा चालक दीपक कुमार राजपूत को उनके घर के पास ही एक जहरीले कोबरा ने काट लिया था। आम इंसान होता तो तुरंत डॉक्टर के पास भागता, लेकिन दीपक ने पहले उस कोबरा को पकड़ा और उसे अपनी जेब में ठूंस लिया। ताज्जुब की बात यह है कि वह उसी हालत में अपना ई-रिक्शा चलाते हुए जिला अस्पताल तक पहुंच गया।
मथुरा: सांप ने काटा तो उसे जेब में भरकर अस्पताल पहुंचा शख्स#MathuraNews #Snakebite #MathuraHelth#ViralVideo #UPNews pic.twitter.com/fZVdQ81P8O
— Sandesh Wahak (@sandeshwahakweb) January 13, 2026
अस्पताल में हाई-वोल्टेज ड्रामा
जब दीपक ने डॉक्टर के केबिन में जाकर सांप निकाला, तो वहां हड़कंप मच गया। डॉक्टरों ने साफ कह दिया कि इलाज तभी शुरू होगा जब वह सांप को बाहर छोड़कर आएगा। इस बात पर दीपक भड़क गया और हाथ में कोबरा लहराते हुए हंगामा करने लगा। वहां तैनात पुलिसकर्मी भी सांप देखकर पीछे हट गए। काफी देर की मशक्कत और समझा-बुझाकर दीपक को राजी किया गया, जिसके बाद सांप को एक डिब्बे में बंद किया गया।
डॉक्टरों ने तुरंत दीपक का इलाज शुरू किया। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई और प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। दीपक का दावा है कि उसे पहले भी कई बार सांपों और बिच्छुओं ने काटा है, लेकिन उसके शरीर पर जहर का कोई असर नहीं होता। हालांकि, विशेषज्ञ इसे महज एक इत्तेफाक और जानलेवा लापरवाही मानते हैं क्योंकि कोबरा का जहर कुछ ही मिनटों में इंसान की जान ले सकता है।

