Mathura News: किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे आरोपी, फरसा बाबा की हत्या पर CM योगी सख्त
Mathura News: मथुरा में गौ रक्षक चंद्रशेखर बाबा की बीती रात ट्रक से कुचलकर मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। स्थानीय लोग उन्हें फरसा वाले बाबा के नाम से जानते थे। इस घटना के बाद से लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है और स्थिति को लेकर प्रशासन भी सतर्क हो गया है।
ट्रक का पीछा करते वक्त हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि रविवार तड़के चंद्रशेखर बाबा अपने दो साथियों के साथ एक ट्रक का पीछा कर रहे थे। आरोप है कि उस ट्रक में गौवंश लदा हुआ था। पीछा करते हुए बाबा ने ट्रक को ओवरटेक कर अपनी बाइक सामने खड़ी कर दी। इसी दौरान ट्रक चालक ने वाहन की रफ्तार तेज कर दी और बाबा को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। इस दर्दनाक घटना में बाबा की मौके पर ही मौत हो गई।
CM योगी ने लिया संज्ञान
इस घटना को लेकर योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और स्पष्ट कहा है कि आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी भी ली है। रिपोर्ट मिलने के बाद एडीजी के मथुरा रवाना होने की संभावना जताई जा रही है।
हाईवे जाम और पुलिस से झड़प
चंद्रशेखर बाबा की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने दिल्ली-कोलकाता हाईवे को जाम कर दिया। दोनों तरफ कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन नाराज भीड़ ने पुलिस को खदेड़ दिया और उन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात को काबू में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
इस घटना पर अखिलेश यादव ने भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं भी तनाव की स्थिति बन सकती है और सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि साधु के साथ इस तरह की घटना होना गंभीर है और वाराणसी में खुलेआम गोलीबारी जैसी घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
पुलिस का दावा, हालात अब सामान्य
घटना को लेकर डीआईजी शैलेश पांडे ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इसके साथ ही उपद्रव करने वालों की पहचान की जा रही है और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। पुलिस का कहना है कि अब हालात सामान्य हो गए हैं और हाईवे से जाम भी खुलवा दिया गया है।
Also Read: Airline New Guidelines से महंगा हो सकता है हवाई सफर, एयरलाइंस ने जताया विरोध

