Mathura News: यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत

Mathura News: शनिवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। थाना बल्देव क्षेत्र के अंतर्गत 140 माइलस्टोन (नोएडा-आगरा मार्ग) पर एक अज्ञात वाहन ने अपाचे मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों युवक मौके पर ही दम तोड़ बैठे।

युवक का शव पूरी तरह कुचल गया

सूचना के मुताबिक हादसा सुबह करीब 4:45 बजे हुआ। पुलिस को इसकी जानकारी अमरनाथ चौधरी नामक व्यक्ति ने फोन पर दी। सूचना मिलते ही पीआरवी 1939 मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने देखा कि अपाचे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ी थी और उसके पास ही दोनों युवकों के शव सड़क पर पड़े थे। टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक का शव पूरी तरह कुचल गया।

पुलिस को मौके से मिली बैंक पासबुक के आधार पर एक मृतक की पहचान रघुनाथ पुत्र राजाराम (निवासी ग्राम बलुआ पुर, पोस्ट नाबस्ता, जनपद कानपुर देहात, उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। दूसरे युवक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है, हालांकि उसकी उम्र भी करीब 30 वर्ष बताई जा रही है।

वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

थाना प्रभारी बल्देव ने बताया कि दोनों शवों को एंबुलेंस से जिला मोर्चरी मथुरा भेजा गया है और परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है। साथ ही, दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहन आए दिन हादसों को जन्म दे रहे हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।

Also Read: NSA डोवाल और ब्राजील के राजदूत अमोरिम ने की मुलाकात, PM मोदी की यात्रा पर हुई चर्चा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.