मऊ भाजपा में खुली गुटबाजी, वर्तमान और पूर्व जिलाध्यक्ष में जमकर कहासुनी, वीडियो वायरल

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मऊ जिले के वर्तमान और पूर्व जिलाध्यक्ष के बीच का विवाद सार्वजनिक रूप से सामने आ गया है। शुक्रवार को आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत नक्षत्र मैरेज हॉल, अदरी में आयोजित महिला मोर्चा सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस और बवाल हुआ। बड़े नेताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन इस पूरे विवाद का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेज़ी से प्रसारित हो रहा है।

नूपुर अग्रवाल और रामाश्रय मौर्य

वर्तमान जिलाध्यक्ष ने किया प्रवेश से मना

बताया गया कि शुक्रवार को महिला मोर्चा सम्मेलन शुरू होने से पहले, दिन के करीब ग्यारह बजे पूर्व जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल कार्यक्रम स्थल पर पहुँचीं। उनके पहुँचने पर वर्तमान जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य भड़क उठे। उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्ष से कहा कि उन्हें कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया है, इसलिए वह बाहर चली जाएँ।

पूर्व जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि यह महिला मोर्चा का कार्यक्रम है, इसलिए वह बाहर नहीं जाएँगी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच ज़ोरदार कहासुनी हुई और दोनों तरफ से ‘देख लेने’ की धमकी दी गई।

बड़े नेताओं ने शांत कराया मामला

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भाजपा की प्रदेश मंत्री शकुंतला चौहान, मुख्य वक्ता रजनी पांडेय और जिला प्रभारी रमेश सिंह सहित अन्य बड़े नेताओं ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल को मंच पर बैठाया, जिसके बाद जाकर यह मामला शांत हो सका। यह पूरा घटनाक्रम स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और इंटरनेट मीडिया पर ज़बरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है, जो मऊ भाजपा इकाई में अंदरूनी गुटबाजी को उजागर करता है।

Also Read: ‘सरकारी लूट और घोटाले का बन रहा रिकॉर्ड’, अखिलेश यादव का भाजपा पर निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.