Mau News: वरासत पत्र के लिए पैसे मांगने वाला लेखपाल निलंबित, DM के निर्देश पर हुई कार्रवाई

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दुर्गविजय राय के भाई से वरासत और हैसियत प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले क्षेत्रीय लेखपाल को उप जिलाधिकारी (SDM) ने निलंबित कर दिया है।

दरअसल घोसी तहसील के अमिला क्षेत्र के लेखपाल दिनेश चौहान पर आरोप है कि उन्होंने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दुर्गविजय राय के भाई से उनके पिता की विरासत (वरासत) और हैसियत प्रमाण पत्र बनाने के लिए ₹15,000 की मांग की।

आरोप के अनुसार, लेखपाल ने इस राशि में से ₹6,000 ले भी लिए थे। भाई से पैसे लेने की जानकारी मिलने के बाद, पूर्व जिलाध्यक्ष दुर्गविजय राय ने सीधे ज़िलाधिकारी (DM) से मामले की शिकायत की।

प्रशासनिक कार्रवाई

ज़िलाधिकारी के निर्देश पर, एसडीएम घोसी अशोक सिंह ने मामले की जांच कराई। जांच में लेखपाल दिनेश चौहान को दोषी पाया गया, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन के साथ ही लेखपाल को तहसील मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है।

एसडीएम घोसी ने मामले की विस्तृत जांच के लिए घोसी तहसील के नायब तहसीलदार को नामित किया है और उन्हें सात दिवस के अंदर आरोप पत्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। एसडीएम घोसी अशोक सिंह ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि डीएम के निर्देश पर जांच कराई गई थी और दोषी पाए जाने पर लेखपाल को निलंबित किया गया है।

Also Read: सियासी दोस्ती या रणनीति? योगी के मंत्री ने मायावती को सराहा, अखिलेश के ‘झूठे PDA’ पर बोला हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.