Mau News: ट्रेन हादसे में दादी-पोते की मौत, एक घायल

Mau News: मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना में शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। बकरी को बचाने के प्रयास में दादी और पोते की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसे में एक अन्य महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

दरसल यह हादसा दोपहर करीब डेढ़ बजे पश्चिमी फाटक के पास हुआ, जब क्लोन एक्सप्रेस ट्रेन वहां से गुजर रही थी। तभी बरामदपुर मोहल्ले की रहने वाली 55 वर्षीय मीला देवी अपने पांच वर्षीय पोते अनुज कुमार और पड़ोस की 60 वर्षीय महिला सुभावती देवी के साथ रेलवे लाइन के पास बकरियां चरा रही थीं। इस दौरान एक बकरी रेलवे ट्रैक पर चली गई। ट्रेन का हार्न सुनते ही मीला देवी अपने पोते को साथ लेकर बकरी को हटाने के लिए ट्रैक की ओर दौड़ीं।

दोनों ओर से आई ट्रेनें बनीं मौत का कारण

उसी समय विपरीत दिशा से गरीब नवाज एक्सप्रेस और क्लोन एक्सप्रेस दोनों ट्रेनें एक साथ आ गईं। दोनों ओर से आती ट्रेनों को देखकर सुभावती देवी ने शोर मचाकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन के तेज हॉर्न की आवाज में उनकी आवाज दब गई। इससे पहले कि वह दोनों को बचा पातीं, दादी और पोता ट्रेन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

एक महिला घायल

वहीँ इस दौरान सुभावती देवी को भी ट्रेन की साइड से टक्कर लगी, जिससे वह घायल होकर ट्रैक के किनारे गिर गईं। हादसे की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर सूर्यनाथ, आरपीएफ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को एंबुलेंस से सीएचसी अस्पताल भिजवाया और मृतकों के शवों को रेलवे लाइन से हटाकर स्वजन को सूचना दी।

परिवार में मचा कोहराम

जानकारी के अनुसार, मृतका मीला देवी का एक बेटा विदेश में और दूसरा जम्मू-कश्मीर में नौकरी करता है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में मातम छा गया।

 

Also Read: Jaunpur News: 10 हजार का इनामी गैंग्स्टर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.