Mau News: मऊ में रसोइया ने बच्चों से धुलवाए बर्तन, वीडियो वायरल, जांच शुरू

Mau News: मऊ जिले के फतेहपुरमंडाव ब्लॉक क्षेत्र के एक कंपोजिट विद्यालय का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मिड-डे मील के दौरान रसोइया बच्चों से थाली और बर्तन धुलवाती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।

जमीनी स्तर पर स्थिति बिल्कुल अलग है

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छोटे-छोटे बच्चे हाथों से थालियां और बर्तन साफ कर रहे हैं। जबकि यह जिम्मेदारी रसोइया की होती है, न कि बच्चों की। इस तरह बच्चों से काम करवाए जाने से अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि शासन की ओर से परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों को बेहतर माहौल देने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति बिल्कुल अलग है। शिक्षा और पोषण के नाम पर मिलने वाली सुविधा बच्चों के लिए परेशानी बन रही है।

मामला संज्ञान में आने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) से पूरी रिपोर्ट मांगी है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी श्याम सुंदर पटेल ने बताया कि इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक और शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्हें दो दिन के भीतर जवाब देना होगा।

स्वास्थ्य और अधिकारों का भी उल्लंघन है

गौरतलब है कि मिड-डे मील योजना का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक भोजन देना और उन्हें स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित करना है, लेकिन इस तरह के मामलों से योजना की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बच्चों से बर्तन धुलवाना न सिर्फ शिक्षा में बाधा है, बल्कि उनके स्वास्थ्य और अधिकारों का भी उल्लंघन है।

फिलहाल शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। यदि लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर से सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं और मिड-डे मील की वास्तविकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read: एशिया कप हॉकी के लिए भारतीय टीम का ऐलान, हरमनप्रीत सिंह होंगे कप्तान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.