Mau News: महिला समूह बनाने के नाम पर लाखों की ठगी, 10 लाख का लिया लोन, FIR दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के मड़हा गांव में महिला समूह गठन के नाम पर दर्जनों महिलाओं के साथ करीब 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्थानीय कोतवाली में कार्रवाई न होने पर पुलिस अधीक्षक (SP) इलामारन के आदेश पर शुक्रवार देर शाम आरोपित दंपती के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

कैसे रची गई ठगी की साजिश?

पीड़िता सायरा के अनुसार, आरोपित दंपती ने खुद को समाजसेवी बताकर गांव की दर्जनों महिलाओं को महिला समूह गठन की योजना का झांसा दिया। आरोपित मखनी देवी और उनके पति रामनाथ ने समूह में शामिल कराने के नाम पर महिलाओं के आधार कार्ड, पासबुक, फोटो, मोबाइल नंबर जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज एकत्र किए। इसके बाद विभिन्न कागजातों पर उनके हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान भी ले लिए।

आरोप है कि दंपती ने इन दस्तावेजों का दुरुपयोग कर इंडसइंड बैंक, मुथूट फाइनेंस, टाटा कैपिटल सहित कई फाइनेंस कंपनियों से महिलाओं के नाम पर करीब दस लाख रुपये का लोन ले लिया।

राज खुलने पर धमकी

ठगी का यह राज तब खुला जब कुछ महीनों बाद लोन की किस्तें जमा न होने पर फाइनेंस कंपनियों की ओर से बकाया नोटिस महिलाओं के घरों पर आने लगीं। ठगी की शिकार हुई महिलाओं में सायरा के अलावा नसीबुनिशा, शकीरा, संजू निषाद, निशा बांसफोर, रेखा बांसफोर, रुक्मणी और मीरा शामिल हैं। जब पीड़ित महिलाओं ने आरोपित दंपती से सवाल किया, तो उन्होंने चुप रहने की धमकी दी।

पुलिस कार्रवाई

स्थानीय कोतवाली में सुनवाई न होने पर पीड़िता सायरा ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपित मखनी देवी और रामनाथ के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल केके वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि महिला समूह गठन के नाम पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Also Read: ‘30 साल की सत्ता का हिसाब दो’, अखिलेश यादव ने पूर्णिया में NDA को घेरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.