Mau News: मुंबई जाने वाली ट्रेन में बम की सूचना से हड़कंप; सुरक्षा घेरे में हर बोगी की तलाशी

Mau News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से आज एक बड़ी खबर सामने आई है। गोरखपुर से चलकर लोकमान्य तिलक टर्मिनल (मुंबई) जाने वाली डाउन 15018 दादर एक्सप्रेस में बम होने की सूचना से प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। जैसे ही यह खबर मिली, पूरे स्टेशन परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

जैसे ही ट्रेन मऊ स्टेशन पर पहुंची, अधिकारियों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को तुरंत नीचे उतरने के लिए कहा। अचानक हुई इस कार्रवाई से यात्रियों में दहशत फैल गई, लेकिन जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने स्थिति को संभाला और पूरी ट्रेन को खाली कराकर सुरक्षित स्थान पर घेराबंदी कर दी।

अधिकारियों ने संभाली कमान

सूचना मिलते ही एसपी इलामारन और अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और डॉग स्क्वायड की मदद से ट्रेन की एक-एक बोगी, सीटों के नीचे और शौचालयों की बारीकी से जांच की जा रही है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म और वेटिंग हॉल में भी सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

ट्रेन के अचानक रुकने और चेकिंग शुरू होने से यात्री काफी डरे हुए नजर आए। हालांकि, पुलिस प्रशासन लगातार अनाउंसमेंट कर यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और किसी भी लावारिस वस्तु को न छूने की अपील कर रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जब तक पूरी ट्रेन की जांच नहीं हो जाती और सब कुछ ‘क्लियर’ नहीं मिलता, तब तक ट्रेन को आगे रवाना नहीं किया जाएगा।

नए साल और सुरक्षा के मौजूदा हालातों को देखते हुए यूपी पुलिस पहले से ही हाई अलर्ट पर है। ऐसे में किसी भी संदिग्ध सूचना को प्रशासन पूरी गंभीरता से ले रहा है। फिलहाल जांच जारी है और अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह सूचना किसी ने शरारत में दी थी या मामला वाकई गंभीर है।

Also Read: न्यूयॉर्क की अदालत में बोले निकोलस मादुरो, मैं राष्ट्रपति हूं, अमेरिका ने मेरा अपहरण किया है

Get real time updates directly on you device, subscribe now.