लखनऊ: कर्बला अब्बास बाग में अवैध निर्माण का विरोध करने पहुंचे मौलाना कल्बे जवाद नकवी की गाड़ी पर हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: शिया धर्मगुरु मौलाना सैयद कल्बे जवाद नकवी पर ठाकुरगंज स्थित कर्बला अब्बास बाग में अवैध निर्माण का मुआयना करने पहुंचने पर सोमवार शाम को हमला हुआ। आरोपियों ने कथित तौर पर मौलाना की गाड़ी पर हमला किया और उनके साथ अभद्रता व मारपीट की कोशिश भी की। इस घटना के बाद मौलाना जवाद ने कर्बला परिसर में ही धरना शुरू कर दिया और अवैध कब्जों को खाली कराने तथा हमलावरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

हमला और अवैध कब्जे का आरोप

मौलाना कल्बे जवाद नकवी ने बताया कि कर्बला अब्बास बाग के प्रशासक होने के नाते, उन्हें अवैध निर्माण की सूचना मिली थी, जिसकी जांच के लिए वह शाम को कर्बला पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को पहले से सूचना देने के बावजूद, पुलिस की मौजूदगी में ही कर्बला की जमीन पर कब्जा करवाने वालों ने उनकी गाड़ी पर हमला किया और मारपीट करने की कोशिश की। मौलाना ने पुलिस पर भी आरोपियों के साथ साठगांठ करने का गंभीर आरोप लगाया है।

मौलाना जवाद के अनुसार, कर्बला की जमीन पर अवैध रूप से बिना नक्शा पास कराए लगातार इमारतें बनाई जा रही हैं, जिसकी शिकायत लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

कर्बला अब्बास बाग का वक्फनामा अवध के बादशाह मोहम्मद अली शाह के मंत्री रफीकुददौला सैयद इमाम अली खां ने 22 जनवरी 1845 को तैयार किया था। वक्फ के मुताबिक, कुल 4,70,590 वर्गफीट जमीन शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के रजिस्टर में वक्फ नंबर 2596 पर दर्ज है, जिसके बड़े हिस्से पर अवैध कब्जे हो चुके हैं और पीछे के हिस्से में अवैध प्लॉटिंग की जा रही है।

कर्बला के मुतवल्ली सैयद सारिम मेंहदी ने इस मामले में ठाकुरगंज थाने में तहरीर दी है। उन्होंने पंकज, मुजम्मिल, शाजान, रचित टंडन, सिराज, काशान सहित 20 से 25 अज्ञात लोगों पर मौलाना जवाद, उनके अधिवक्ता और खुद पर हमला करने, गाली देने और गाड़ी तोड़ने का आरोप लगाया है।

मौलाना का धरना

हमले के बाद मौलाना कल्बे जवाद नकवी की अगुवाई में मौलाना रजा हुसैन, मौलाना शबाहत रिजवी, मौलाना कमरुल हसन सहित कई मातमी अंजुमनों ने कर्बला अब्बास बाग में धरना शुरू कर दिया है। उनकी मांग है कि अवैध कब्जों को तुरंत खाली कराया जाए और हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.