मॉरीशस के प्रधानमंत्री राम गुलाम ने पत्नी संग किए रामलला के दर्शन, CM योगी ने किया भव्य स्वागत

Sandesh Wahak Digital Desk: मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र राम गुलाम शुक्रवार को अपने परिवार और कैबिनेट सदस्यों के साथ अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उनका पारंपरिक रेड कार्पेट स्वागत किया।

एयरपोर्ट से सीधे डॉ. राम गुलाम श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी पत्नी के साथ रामलला की आरती उतारी और पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहे। प्रधानमंत्री डॉ. गुलाम करीब 45 मिनट तक मंदिर परिसर में रहे।

सीएम योगी ने किया विदा

दर्शन-पूजन के बाद मॉरीशस प्रधानमंत्री का काफिला एयरपोर्ट लौटा, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें विदा किया। इसके बाद सीएम योगी अयोध्या धाम लौट आए और हरि गोपाल धाम में आयोजित जगद्गुरु राम दिनेशाचार्य के कार्यक्रम में शामिल हुए।

डॉ. राम गुलाम अयोध्या आकर रामलला के दर्शन करने वाले दूसरे विदेशी प्रधानमंत्री बने हैं। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने उनके कार्यक्रम की पूर्व सूचना जारी कर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया था।

भारत-मॉरीशस संबंधों के लिए अहम दौरा

इस यात्रा को भारत और मॉरीशस के बीच राजनयिक, सांस्कृतिक और धार्मिक रिश्तों को और मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनज़र एयरपोर्ट से लेकर मंदिर परिसर तक विशेष इंतज़ाम किए गए थे। जानकारी के मुताबिक, डॉ. गुलाम शुक्रवार दोपहर 1 बजे अयोध्या से देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं।

Also Read: Balrampur News: बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खुली, CHC प्रभारी बोले- हमारे यहां ऑन कॉल होती है इमरजेंसी सेवाएं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.