मायावती के 70वें जन्मदिन पर सीएम योगी ने दी लंबी उम्र की बधाई
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सर्वोच्च नेता और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती आज अपना 70वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर देशभर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के जरिए मायावती को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। सीएम योगी ने लिखा कि वह प्रभु श्रीराम से मायावती के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना करते हैं।
मायावती के जन्मदिन को बसपा कार्यकर्ता जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मना रहे हैं। राजधानी लखनऊ में आज पार्टी कार्यालय पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जहाँ मायावती खुद मौजूद रहेंगी। माना जा रहा है कि वह पार्टी पदाधिकारियों के सामने आने वाले चुनावों और बसपा के भविष्य का नया रोडमैप भी पेश करेंगी। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भी समर्थकों द्वारा केक काटकर और गरीबों की मदद कर खुशियां मनाई जा रही हैं।
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।
प्रभु श्री राम से आपके लिए दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना है।@Mayawati
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 15, 2026
शिक्षिका से आयरन लेडी बनने तक का सफर
15 जनवरी, 1956 को दिल्ली के एक साधारण परिवार में जन्मी मायावती राजनीति में आने से पहले एक शिक्षिका थीं। बसपा संस्थापक कांशीराम की विचारधारा से प्रभावित होकर उन्होंने सियासत की ओर रुख किया और जल्द ही उनकी उत्तराधिकारी बनीं। मात्र 40 साल की उम्र में पहली बार यूपी की कमान संभालने वाली मायावती भारत की पहली दलित महिला मुख्यमंत्री बनीं।
Also Read: सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में चढ़ाई आस्था की खिचड़ी, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना

