Lucknow News: मायावती का बड़ा ऐलान, न NDA के साथ, न इंडी गठबंधन से कोई लेना-देना
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी किसी भी राजनीतिक गठबंधन का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि बसपा न तो भाजपा के NDA गठबंधन के साथ है और न ही कांग्रेस के ‘इंडी’ (INDIA) गठबंधन से जुड़ी है।
‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट में, मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के सिद्धांतों पर चलती है। उनका मकसद दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यकों का उत्थान करना है।
मीडिया पर साधा निशाना
मायावती ने कुछ मीडिया चैनलों पर निशाना साधते हुए कहा कि दलित और पिछड़े वर्ग विरोधी मानसिकता रखने वाले मीडिया समूह लगातार बसपा की छवि को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने एक यूट्यूब चैनल का उदाहरण दिया, जिसने हाल ही में एक गलत और मनगढ़ंत खबर चलाई थी। उन्होंने कहा कि यह बसपा को राजनीतिक नुकसान पहुँचाने का एक घटिया प्रयास है और चैनल को इसके लिए माफ़ी माँगनी चाहिए।
कार्यकर्ताओं को किया आगाह
मायावती ने अपने कार्यकर्ताओं से खास अपील करते हुए कहा कि वे मीडिया के ऐसे राजनीतिक षड्यंत्रों से सावधान रहें और किसी के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि जातिवादी ताकतें हमेशा अंबेडकरवादी कारवाँ को कमजोर करने की कोशिश में लगी रहती हैं।
Also Read: लाल किले में घुसने की कोशिश कर रहे 5 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

