कांशीराम जयंती पर मायावती का दावा, बोलीं- सिर्फ बसपा ही बहुजन समाज की असली पार्टी

Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में मान्यवर कांशीराम की जयंती मनाई। इस अवसर पर उन्होंने कांशीराम के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए आगाह किया।

विरोधी दलों की कथनी और करनी में फर्क

मायावती ने सीधे तौर पर सपा और अन्य विपक्षी दलों को निशाने पर लेते हुए कहा कि इन पार्टियों की बातों और काम करने के तरीके में जमीन-आसमान का अंतर है। उन्होंने दावा किया कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों पर चलने वाली केवल बसपा ही ऐसी पार्टी है, जो सही मायने में बहुजन समाज के सम्मान और उत्थान के लिए समर्पित है।

सपा के PDA पर तीखा हमला

अखिलेश यादव के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के नारे को मायावती ने पूरी तरह छलावा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और दूसरी पार्टियां इन वर्गों का वोट लेकर अपनी सरकारें तो बना लेती हैं, लेकिन सत्ता मिलने के बाद इन्हीं तबकों को तिरस्कृत और दरकिनार कर देती हैं। उन्होंने कहा कि सपा को दलितों, पिछड़ों और महापुरुषों की याद सिर्फ चुनाव के वक्त आती है। वास्तव में सपा ही इन वर्गों का हर स्तर पर शोषण करने वाली प्रमुख पार्टी रही है।

मिशनरी आंबेडकरवादी बनें

मायावती ने बहुजन समाज के लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे बसपा से जुड़कर सच्चे और ईमानदार मिशनरी आंबेडकरवादी बनें। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक दलितों और पिछड़ों के हाथ में सत्ता की मास्टर चाबी नहीं होगी, तब तक संविधान में बाबा साहब द्वारा दिए गए अधिकार पूरी तरह जमीन पर लागू नहीं हो पाएंगे।

ALso Read: नेपाल में मनकामना मंदिर से लौट रही बस खाई में गिरी, 7 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.