अमेरिकी टैरिफ पर मायावती ने केंद्र को घेरा, बोलीं- आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाए सरकार

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत से होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत टैरिफ और अतिरिक्त दंडात्मक शुल्क लगाने के ऐलान पर बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बता दें ट्रंप का यह फैसला 1 अगस्त से लागू होगा।

मायावती ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा कि मित्र देश बताने के बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय आयात पर 1 अगस्त से 25 प्रतिशत शुल्क और रूस से तेल आयात करने पर पेनल्टी लगाने से संबंधित इस फैसले को केंद्र सरकार को एक अवसर के रूप में लेना चाहिए और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम उठाकर देश की अर्थव्यवस्था को प्रभावित होने से बचाना चाहिए।

सरकार को वादे पर खरा उतरना होगा

उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने किसानों, छोटे व मझोले उद्योगों और राष्ट्रहित के साथ कोई समझौता न करने का आश्वासन दिया है और अब उसे इस वादे पर खरा उतरकर दिखाना होगा। मायावती ने यह भी कहा कि भारत, जो दुनिया की सबसे बड़ी जनसंख्या वाला देश है और जहाँ अधिकतर लोग गरीब व मेहनतकश हैं, वहाँ हर व्यक्ति को काम देने वाली नीतियों के सही अमल से देश आत्मनिर्भर बन सकता है। इससे न केवल ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ का लक्ष्य हासिल होगा, बल्कि संविधान के मानवतावादी और कल्याणकारी उद्देश्यों के अनुरूप जनता और देश का हित सुरक्षित रहेगा, जिससे भारत एक सुखी और समृद्ध राष्ट्र बन सकता है।

Also Read: भारत-पाक क्रिकेट मैच पर पप्पू यादव का बड़ा बयान, बोले- यह रिश्तों को मजबूत करने का अवसर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.