Lucknow News: 2027 की लड़ाई, मायावती का एकला चलो का नारा, गठबंधन की खबरों को बताया फेक न्यूज
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की मुखिया मायावती ने यूपी चुनाव 2027 को लेकर चल रही सभी अटकलों पर पूर्ण विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बसपा किसी भी दल के साथ हाथ नहीं मिलाएगी और अपने दम पर चुनाव लड़कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
मायावती ने सोशल मीडिया और मीडिया के कुछ हिस्सों में चल रही गठबंधन की खबरों को ‘फेक न्यूज़’ और एक गहरी साजिश करार दिया। उन्होंने कहा, विपक्षी दल बसपा समर्थकों का ध्यान भटकाने और पार्टी को कमजोर करने के लिए घिनौनी साजिशें रच रहे हैं।
बसपा प्रमुख ने कहा कि सपा, कांग्रेस और भाजपा जैसे दलों के साथ गठबंधन का अनुभव हमेशा कड़वा रहा है। इन दलों ने बसपा का वोट तो ले लिया, लेकिन अपना वोट बसपा को ट्रांसफर नहीं करवा पाए, जिससे पार्टी को हमेशा राजनीतिक नुकसान हुआ। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इन दलों की विचारधारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की सोच के बिल्कुल विपरीत है। मायावती ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन अफवाहों पर ध्यान न दें और ‘हाथी की मस्त चाल’ चलते हुए 2027 के मिशन में डटे रहें।
दिल्ली में केंद्र सरकार द्वारा नया बंगला आवंटित किए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही चर्चाओं पर भी मायावती ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, बंगला आवंटन पूरी तरह से नियमों के तहत हुआ है। उनकी सुरक्षा की श्रेणी (Security Category) को देखते हुए केंद्र सरकार ने यह फैसला लिया है। इससे पहले भी उन्हें एक बंगला दिया गया था, जिसे सुरक्षा कारणों से उन्होंने छोड़ दिया था। अब दिया गया नया बंगला उनकी सुरक्षा आवश्यकताओं को देखते हुए है, जिसे उन्होंने स्वीकार किया है। इसे लेकर फैलाई जा रही बातें पूरी तरह गुमराह करने वाली हैं।
Also Read: Lucknow News: अग्निवीर भर्ती रैली दौड़ के दौरान 3 महिला अभ्यर्थी बेहोश, एक घायल

