मायावती ने बिहार चुनाव की निष्पक्षता पर उठाए सवाल, बोलीं- ईमानदारी से चुनाव होता तो BSP और भी सीटें जीतती

Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। मायावती ने साफ तौर पर कहा कि अगर चुनाव पूरी तरह से स्वतंत्र और निष्पक्ष होते तो बसपा को मिली एकमात्र सीट से ज्यादा सीटें हासिल होतीं। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों में बसपा को मात्र एक सीट पर ही जीत मिली है।

बसपा प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने बयान में कैमूर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट पर जीत हासिल करने वाले पार्टी उम्मीदवार सतीश कुमार सिंह यादव को बधाई दी और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। वहाँ के प्रशासन एवं सभी विरोधी दलों ने मतों की गिनती बार-बार कराने के बहाने बसपा उम्मीदवार को हराने का पूरा प्रयास किया, लेकिन पार्टी के बहादुर कार्यकर्ताओं के पूरे समय डटे रहने के कारण विरोधियों का यह षड्यंत्र सफल नहीं हो सका।

चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष नहीं था

उन्होंने कहा कि बिहार के अन्य क्षेत्रों में भी बसपा उम्मीदवारों ने विरोधियों को कांटे की टक्कर दी, लेकिन वे चुनाव नहीं जीत सके। मायावती ने दावा किया कि लोगों से मिली प्रतिक्रिया के अनुसार, अगर चुनाव पूरी तरह से स्वतंत्र एवं निष्पक्ष होता तो बसपा और भी कई सीट जरूर जीतती। बसपा प्रमुख ने अपने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे घबराएं नहीं और आगे और भी अधिक तैयारी के साथ काम करें।

Also Read: महोबा में सैकड़ों की संख्या में संदिग्धों को बसाने का मामला आया सामने, ग्राम विकास अधिकारी निलंबित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.