राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर मायावती बोलीं- गबन और हेराफेरी गंभीर, इस संवेदनशील मुद्दे पर न हो राजनीति

Lucknow News: अयोध्या के ऐतिहासिक राम मंदिर में दान और चढ़ावे की राशि में कथित धांधली को लेकर चल रहे सियासी संग्राम के बीच अब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का बड़ा बयान सामने आया है। मायावती ने इस पूरे घटनाक्रम पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए विरोधियों से इस संवेदनशील मामले पर सियासत बंद करने की अपील की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया में आ रही मंदिर के चढ़ावे में चोरी और गबन की खबरें बेहद गंभीर और चिंताजनक हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे पवित्र स्थान पर धोखाधड़ी करने वाले दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए, लेकिन इसके साथ ही इस पूरे विवाद का राजनीतिकरण करना भी कतई उचित नहीं है।

सोशल इंजीनियरिंग पर बसपा का फोकस

मायावती ने अपने पिछले सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला देते हुए समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि बसपा ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए सवर्ण समाज, विशेषकर ब्राह्मण वर्ग को पार्टी से जोड़ने की जो रणनीति बनाई है, उसने सपा की नींद उड़ा दी है। बसपा प्रमुख ने उम्मीद जताई कि साल 2007 के ऐतिहासिक नतीजों की तरह इस बार भी ब्राह्मण समाज के भरपूर सहयोग से सूबे में बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में उच्च जातियों का हित केवल बसपा की सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय की नीति में ही सुरक्षित है, जबकि अन्य दलों के शासनकाल में यह वर्ग खुद को ठगा हुआ और असुरक्षित महसूस करता आया है।

देश के अन्य बड़े मंदिरों की व्यवस्था लागू करने की सलाह

मायावती ने इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में चढ़ावे को लेकर आगे कोई भी विवाद या शिकायत सामने न आए, इसके लिए सरकार को देश के अन्य सुप्रसिद्ध और बड़े मंदिरों के वित्तीय प्रबंधन व हिसाब-किताब के मॉडलों का अध्ययन करना चाहिए। अयोध्या में भी वैसी ही पारदर्शी व्यवस्था तुरंत लागू की जानी चाहिए। बसपा सुप्रीमो ने कड़े शब्दों में कहा कि देशहित में धर्म, अपराध और राजनीति का आपस में घालमेल बंद होना चाहिए और जनता को भी ऐसी सियासी बयानबाजी से दूर रहना चाहिए।

Also Read: राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर ट्रस्ट का घेराव करने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय नजरबंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.