Lucknow News: वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ महापौर सुषमा खर्कवाल ने खेली होली
Lucknow News: नवाबों के शहर लखनऊ में होली का जश्न केवल सड़कों और गलियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह मानवता और सेवा के रंगों में भी रंगा नजर आया। होली के पावन अवसर पर गुरुवार को लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल नगर निगम के जोन-7 (आदिल नगर) स्थित वृद्धाश्रम पहुंचीं। यहाँ उन्होंने अपनों से दूर रह रहे बुजुर्गों के साथ न केवल समय बिताया, बल्कि उनके चेहरे पर मुस्कान लाकर त्योहार को सार्थक बनाया।
महापौर ने वृद्धाश्रम में रह रहे एक-एक बुजुर्ग से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने किसी के सिर पर हाथ रखा तो किसी का हाथ थामकर उनकी समस्याओं और स्वास्थ्य के बारे में बात की। महापौर ने कहा, समाज में वरिष्ठजनों का स्थान सबसे ऊपर है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से ही हम सही दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। त्योहारों पर इनका आशीर्वाद लेना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।

वृद्धाश्रम में दिखा उत्सव जैसा माहौल
महापौर की मौजूदगी ने वृद्धाश्रम के शांत वातावरण को उमंग से भर दिया। सभी बुजुर्गों को होली की बधाई देते हुए उन्होंने उनके स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना की। महापौर के इस सरल और स्नेहपूर्ण व्यवहार से भावुक होकर बुजुर्गों ने भी उन्हें दिल खोलकर दुआएं दीं।
होली के इस स्नेह मिलन कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार, क्षेत्रीय पार्षद शिवम उपाध्याय और पार्षद प्रतिनिधि दीपक तिवारी समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नगर निगम के अधिकारियों ने भी बुजुर्गों के साथ गुलाल लगाकर सौहार्द का संदेश दिया।

