शारदा यूनिवर्सिटी में मेडिकल छात्रा ने की आत्महत्या, उत्पीड़न के आरोप में दो प्रोफेसर हिरासत में

Sandesh Wahak Digital Desk: ग्रेटर नोएडा के प्रसिद्ध शारदा विश्वविद्यालय में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बीडीएस (बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी) द्वितीय वर्ष की एक छात्रा ने सोमवार को कथित तौर पर संकाय सदस्यों द्वारा उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली। यह दुखद घटना नॉलेज पार्क पुलिस स्टेशन क्षेत्र में स्थित विश्वविद्यालय परिसर में हुई। इस मामले में छात्रा को प्रताड़ित करने के आरोप में डीन सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, और दो प्रोफेसरों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर दी जान

पुलिस ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि छात्रा ज्योति शर्मा (निवासी गुरुग्राम) ने छात्रावास के अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। अपर पुलिस उपायुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पिता ने लगाया उत्पीड़न का आरोप, सात के खिलाफ केस दर्ज

मृतक छात्रा ज्योति के पिता रमेश जांगड़ा ने विश्वविद्यालय के डीन डॉ. एम. सिद्धार्थ और प्रोफेसर सैरी मैडम, महेंद्र, अनुराग अवस्थी एवं सुरभि के अलावा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। रमेश जांगड़ा का आरोप है कि इन्हीं लोगों के उत्पीड़न, दुर्व्यवहार और धमकाए जाने के कारण उनकी बेटी ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

थाना प्रभारी ने बताया कि रमेश जांगड़ा के अनुसार, ज्योति ने उन्हें अपने साथ हुए दुर्व्यवहार के बारे में बताया था। इसके बाद रमेश जांगड़ा खुद कॉलेज आए थे और उन्होंने डीन व अन्य लोगों से इस बारे में बात भी की थी। उन्हें आश्वासन दिया गया था कि ज्योति के साथ अब किसी तरह का दुर्व्यवहार नहीं होगा, लेकिन इसके बावजूद उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा।

रमेश जांगड़ा ने बताया कि शुक्रवार देर रात उन्होंने अपनी बेटी को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद ज्योति के कमरे में रहने वाली दूसरी छात्रा ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। रमेश जांगड़ा का दावा है कि उन्होंने तुरंत रात में ग्रेटर नोएडा पुलिस को घटना की सूचना दी, हालांकि कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को सूचित नहीं किया था।

सुसाइड नोट में भी उत्पीड़न का जिक्र

पुलिस के अनुसार, छात्रा ने मरने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा है, जिसमें उसने कथित तौर पर कॉलेज प्रशासन के लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और इस मामले में दो प्रोफेसरों, महेंद्र और सैरी मैडम, को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है।

विश्वविद्यालय कर रहा आंतरिक जांच

शारदा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पीके गुप्ता ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि विश्वविद्यालय अपने स्तर पर आंतरिक जांच कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में डीन ने उन्हें सूचित किया है कि छात्रा ने अपने एक ‘टेस्ट’ की कॉपी में प्रोफेसर के नकली हस्ताक्षर किए थे, जिस पर उसे टोका गया था और उसके परिजनों को भी इस बारे में बुलाया गया था। कुलाधिपति ने यह भी आश्वासन दिया कि कॉलेज प्रशासन इस मामले की जांच में पुलिस की पूरी मदद करेगा।

Also Read: Banda News: नाले में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, एक को बचाने के प्रयास में गई दोनों की जान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.