सिद्धार्थनगर में मेडिकल छात्रों की गुंडागर्दी, ज्वेलरी शॉप में घुसकर व्यापारी को पीटा
सिद्धार्थनगर: जिला मुख्यालय पर स्थित माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के छात्रों पर दबंगई का गंभीर आरोप लगा है। शुक्रवार की शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच, नगरपालिका परिषद के ठीक सामने स्थित ‘श्री धन लक्ष्मी ज्वेलर्स’ की दुकान पर लगभग दो दर्जन छात्रों ने हमला बोल दिया। इस घटना के बाद से पूरे नगर के व्यापारियों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।

दुकान में घुसकर की मारपीट और गाली-गलौज
पीड़ित व्यापारी पंकज वर्मा ने बताया कि वह पिछले 3 सालों से अपनी दुकान चला रहे हैं। आरोप है कि मेडिकल कॉलेज के छात्र गोविंद शर्मा, अनुराग और निशांत अपने 20-25 साथियों के साथ दुकान पर चढ़ आए। इन छात्रों ने पंकज के साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने आई उनकी 68 वर्षीय मां, शांति वर्मा के साथ भी गाली-गलौज और हाथापाई की।

पुरानी रंजिश का मामला?
पीड़ित व्यापारी पंकज वर्मा पुत्र झिनक वर्मा संदेश वाहक से मुलाकात के दौरान बताया कि विवाद की शुरुआत 29 जनवरी को हुई थी। उस दिन मेडिकल कॉलेज के एक फेस्टिवल में उनके स्टाफ ने केक का स्टॉल लगाया था। कॉलेज की कुर्सी पर बैठने को लेकर छात्रों ने तब भी उनके स्टाफ को जमकर पीटा था। पीड़ित का कहना है कि उस समय भी पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने की वजह से छात्रों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने आज दोबारा हमला कर दिया।

व्यापार मंडल ने दी आंदोलन की चेतावनी
घटना के बाद नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय कसौधन ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि इन ‘गुंडा’ तत्वों पर अंकुश नहीं लगा और पीड़ित व्यापारी को न्याय नहीं मिला, तो तीन दिन के भीतर सभी व्यापारी एकजुट होकर जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) के दफ्तर के बाहर उग्र प्रदर्शन करेंगे।

क्या कहती है पुलिस?
हैरानी की बात यह है कि जहां एक तरफ व्यापारी दहशत में हैं, वहीं सीओ सदर विश्वजीत शौर्यान का कहना है कि उन्हें अभी तक तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जैसे ही लिखित शिकायत मिलती है, मामले की जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: उन्नाव में कलयुगी बेटे का खौफनाक कदम, लोहे की रॉड से वार कर मां को उतारा मौत के घाट

