कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी घोड़े से गिरकर घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: कैलाश मानसरोवर की पवित्र यात्रा के दौरान एक बड़ा और दुखद हादसा सामने आया है। पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री और बीजेपी सांसद मीनाक्षी लेखी तिब्बत के दारचिन क्षेत्र में घोड़े से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। इस हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट लगने की पुष्टि हुई है, जिसके चलते उन्हें अपनी यात्रा बीच में ही रोकनी पड़ी। पिथौरागढ़ प्रशासन ने उन्हें हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू करके देहरादून लाने की तैयारी शुरू कर दी है, लेकिन भारी बारिश के कारण खराब मौसम बचाव कार्य में चुनौती बना हुआ है।
कैसे हुआ हादसा
मीनाक्षी लेखी कैलाश मानसरोवर यात्रा के दूसरे दल के साथ तिब्बत में थीं। इस दल में कुल 48 यात्री शामिल थे, जिनमें 14 महिलाएं भी थीं। यह दल 8 जुलाई को दिल्ली से रवाना हुआ था और 14 जुलाई को लिपुलेख पास को पार करके तिब्बत पहुंचा था।
हादसा शनिवार को हुआ, जब मीनाक्षी लेखी माउंट कैलाश की परिक्रमा के दौरान दारचिन में घोड़े पर सवार थीं। अचानक घोड़ा बेकाबू हो गया और मीनाक्षी लेखी ज़मीन पर गिर गईं। इस गिरने से उनकी कमर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आ गई।
हादसे के तुरंत बाद उन्हें यात्रा मार्ग पर बने अस्थायी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ एक्स-रे में उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट की पुष्टि हुई। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल यह फैसला लिया गया कि उन्हें भारत वापस लाया जाए ताकि बेहतर इलाज मिल सके। प्रशासन अब उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित देहरादून पहुँचाने की कोशिशों में जुटा है।
Also Read: Bareilly News: संदिग्धों की साजिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में तीन गिरफ्तार, एक घायल

