Meerut : 25 हजार का इनामी बदमाश वसीम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस फायरिंग में घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शनिवार देर रात एक रोमांचक पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश वसीम को गिरफ्तार कर लिया गया। खुद को घिरता देख वसीम ने पहले बाइक से भागने की कोशिश की और फिर जंगल में छिपने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सक्रियता और रणनीतिक घेरेबंदी के आगे उसका हर प्रयास विफल हो गया। मुठभेड़ के दौरान वसीम को गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फिल्मी अंदाज में भागने की कोशिश, पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वसीम, पुत्र मुक्तेहसन, निवासी ग्राम कायस्थबड्डा, थाना किठौर, शनिवार रात इंचौली की ओर से अपने गांव वापस लौटेगा। सूचना मिलते ही थाना परीक्षितगढ़ पुलिस ने जई बंबा के पास घेराबंदी कर दी। करीब रात 2:40 बजे, एक काली स्प्लेंडर बाइक पर युवक आता दिखा। पुलिस ने जब उसे रोकने का इशारा किया, तो उसने बाइक मोड़कर ग्राम सोना की ओर भागने की कोशिश की।

इसी दौरान पुलिस ने दूसरी टीम को खजूरी ईदगाह के पास से रास्ता रोकने को कहा। खुद को चारों ओर से घिरता देख वसीम बाइक छोड़ जंगल में घुस गया और वहां से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो वसीम के पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह ज़मीन पर गिर पड़ा।

हथियार और बाइक बरामद, वसीम की आपराधिक कुंडली लंबी

पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर की काली स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। घायल वसीम को पहले सीएचसी परीक्षितगढ़ और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस रिकॉर्ड में वसीम का नाम कोई नया नहीं है। उस पर मेरठ, हापुड़ और मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में सात से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। वह हाल ही में परीक्षितगढ़ क्षेत्र में हुई डकैती के एक मामले में भी वांछित चल रहा था।

थाना प्रभारी का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read: Kedarnath helicopter crash: दर्शन के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं का हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट और बच्चे समेत 7 की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.