Meerut News: बंद मकान में फटा गैस सिलेंडर, धमाके से उड़ी छत, आस-पड़ोस के घरों में आई दरारें

Meerut News: यूपी के मेरठ से एक दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के टीपी नगर थाना क्षेत्र स्थित मोहकमपुर इलाके में शुक्रवार दोपहर एक बंद मकान में गैस सिलेंडर फटने से जबरदस्त धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि घर की छत पर लगी टीनशेड के परखच्चे उड़ गए और लोहे के टुकड़े दूर-दूर तक दूसरे मकानों की छतों पर जा गिरे।

यह हादसा दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। घर के मालिक मोहित और उनके माता-पिता अपनी-अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे। मोहित स्पोर्ट्स फैक्ट्री में काम करते हैं, जबकि उनके पिता मजदूरी और मां फैक्ट्री में नौकरी करती हैं। घर बंद होने की वजह से किसी की जान नहीं गई, वरना जिस तरह का धमाका था, कोई बड़ा जानी नुकसान हो सकता था।

दोपहर के वक्त मोहल्ले में कई लोग अपनी छतों पर धूप का आनंद ले रहे थे। तभी अचानक हुए इस बम जैसे धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसी विशाल और बालवीर के मकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं। पड़ोसी सुमित, जो उस वक्त परिवार के साथ छत पर खाना खा रहे थे, ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि पूरा परिवार बुरी तरह डर गया।

पीड़ित मोहित ने बताया कि यह हादसा टाला जा सकता था। घर में रखे दो सिलेंडरों में से एक में गैस लीकेज हो रही थी। मैंने भारत गैस एजेंसी में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। एजेंसी वालों ने भरोसा दिया था कि शाम तक सिलेंडर बदल दिया जाएगा, लेकिन उससे पहले ही दोपहर में विस्फोट हो गया। इस हादसे में घर के अंदर रखा दूसरा सिलेंडर भी पूरी तरह मुड़ गया है और मोहित के मुताबिक करीब 5 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर

धमाके की सूचना मिलते ही टीपी नगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। राहत की बात यह है कि आग ज्यादा नहीं फैली, लेकिन विस्फोट के कारण आसपास के ढांचों को पहुंची क्षति की जांच की जा रही है। फायर ब्रिगेड ने लोगों को लीकेज वाले सिलेंडरों के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

Also Read: Lucknow News: जिम और कोचिंग पर लाइसेंस फीस के प्रस्ताव से भड़के कारोबारी, प्रदर्शन का ऐलान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.