मेरठ: कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में जला हेड कांस्टेबल का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Sandesh Wahak Digital Desk: मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साकेत इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कमरे से धुआं उठता देखा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को अंदर बिस्तर पर हेड कांस्टेबल विभोर का जला हुआ शव मिला। इस दुखद घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।

घटना और शुरुआती जांच

मेरठ के एसएसपी विपिन ताडा ने बताया कि थाना सिविल लाइन के साकेत में हेड कांस्टेबल विभोर की मौत कमरे में आग लगने से हुई है। हेड कांस्टेबल विभोर पुलिस लाइन में तैनात थे और मूल रूप से शामली जनपद के रहने वाले थे। वह वर्ष 2011 में सिपाही पद पर भर्ती हुए थे।

मकान मालिक और अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा रात्रि में उनके कमरे से धुआं निकलता देखा गया, जिसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया। शुरुआती जांच में यह धूम्रपान से हुई दुर्घटना प्रतीत होती है। आशंका है कि बीड़ी या सिगरेट की चिंगारी से बिस्तर में आग लग गई होगी, जिसने विकराल रूप ले लिया और हेड कांस्टेबल की जलने से मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को तुरंत कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए अधिकारी कमरे की फॉरेंसिक जांच करा रहे हैं। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि मृतक विभोर अपने शांत स्वभाव और ड्यूटी के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे।

Also Read: बलिया: शराब तस्करों से सांठगांठ का वीडियो लीक, गोपालनगर चौकी प्रभारी समेत पूरी टीम निलंबित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.