Meerut News: भाजपा नेत्री के NCR मेडिकल कॉलेज का रिकॉर्ड रूम में लगी आग, साक्ष्य मिटाने की साजिश की आशंका

Meerut News: मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र स्थित पूर्व एमएलसी और भाजपा नेत्री डॉ. सरोजनी अग्रवाल के एनसीआर मेडिकल कॉलेज में सोमवार देर रात करीब 1 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने की घटना सामने आई है। इस आगजनी में मेडिकल कॉलेज का रिकॉर्ड रूम और कंप्यूटर रूम जलकर खाक हो गया, जिसने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है।

यह घटना इसलिए भी चर्चा का विषय बनी हुई है क्योंकि यह मेडिकल कॉलेज इस समय केंद्रीय एजेंसियों सीबीआई (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के रडार पर है और दोनों एजेंसियां रिश्वत और धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के गंभीर मामलों की जांच कर रही हैं।

एनसीआर मेडिकल कॉलेज पर एमबीबीएस की सीटें बढ़ाने के नाम पर राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के अधिकारियों को रिश्वत देने का गंभीर आरोप लगा था। यह भी आरोप था कि कॉलेज ने निरीक्षण के लिए आने वाली टीम की गोपनीय सूचनाएँ लीक कराईं और रिश्वत देकर पक्ष में रिपोर्ट लगवाई। इस मामले में सीबीआई ने सात राज्यों में छापेमारी की थी, रिकॉर्ड जब्त किए थे और 230 एफआईआर दर्ज की थीं।

ED की कार्रवाई के बाद लगी आग

इसी रिश्वत प्रकरण से जुड़े धन शोधन मामले में ईडी की टीम भी नवंबर माह में कॉलेज पर शिकंजा कस चुकी थी। ईडी ने कॉलेज में करीब 22 घंटे तक सर्च अभियान चलाया था और इसी रिकॉर्ड रूम से दस्तावेज और कंप्यूटर की हार्ड ड्राइव जब्त की थीं।

इस कड़ी कार्रवाई के कुछ ही दिनों बाद सोमवार देर रात करीब 1 बजे रिकॉर्ड रूम और कंप्यूटर रूम में आग लग गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले कर्मचारियों ने आग बुझा दी, लेकिन तब तक तमाम रिकॉर्ड और कंप्यूटर जल चुके थे। आग लगने की यह संदिग्ध घटना अब जांच का विषय बन गई है। फिलहाल फायर ब्रिगेड और पुलिस टीमें मामले की जांच में जुटी हैं कि यह आग महज एक दुर्घटना है या फिर साक्ष्य मिटाने की कोई साज़िश।

Also Read: IndiGo की लगातार आठवें दिन 180 से अधिक उड़ानें रद्द, सरकार करेगी स्लॉट्स कम, रूट छिनने का खतरा!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.