Meerut News: ऑनलाइन गेमिंग के दौरान ब्रेन हेमरेज, 22 वर्षीय युवक की मौत

Meerut News: मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां ऑनलाइन गेमिंग के दौरान एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना ने इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है और युवाओं में बढ़ती गेमिंग लत को लेकर नई चिंता भी खड़ी कर दी है।

गेम खेलते समय बिगड़ी तबीयत

परिजनों के अनुसार युवक गेम खेल रहा था, तभी उसका ब्लड प्रेशर अचानक बहुत अधिक बढ़ गया। इसके बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। युवक को तेज सिरदर्द और बेचैनी की शिकायत हुई और कुछ ही देर में वह बेहोश होकर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि उसकी मौत की वजह दिमाग की नस फटना यानी ब्रेन हेमरेज रही।

यहां मृतक की पहचान खैरनगर गूलर वाली निवासी मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक कैफ काफी समय से ऑनलाइन गेमिंग में ज्यादा समय बिताता था। घटना वाले दिन भी वह कान में ईयरफोन लगाकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था, इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

परिवार को नहीं थी गेमिंग लत की जानकारी

जिसके बाद परिजन उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां दो दिन तक उसका इलाज चला, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक भर्ती के समय उसका ब्लड प्रेशर 300 के पार पहुंच चुका था, जिसे बेहद खतरनाक स्थिति माना जाता है।

परिवार के लोगों का कहना है कि उन्हें उसके गेम खेलने की लत की पूरी जानकारी नहीं थी। वे इस मामले में ज्यादा बोलने से भी बच रहे हैं। मोहल्ले के लोगों के अनुसार कैफ अक्सर घंटों मोबाइल पर गेम खेलता रहता था।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

इससे पहले गेमिंग की लत की वजह से गाजियाबाद में भी तीन बहनों ने सुसाइड की थी। ऐसे मामलों को लेकर डॉक्टरों का कहना है कि अत्यधिक तनाव, उत्तेजना और लंबे समय तक स्क्रीन पर लगे रहने से युवाओं के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।

 

Also Read: Raebareli News: भीषण सड़क हादसों में 8 की मौत, गंगा एक्सप्रेसवे पर कार ने 7 युवतियों को रौंदा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.