Meerut News: थाने से महज 100 मीटर दूर बीफार्मा छात्र की हत्या कर फेंका शव, डॉक्टर बनना चाहता था उज्ज्वल

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में रहने वाले बीफार्मा छात्र उज्ज्वल शर्मा (24) की बुधवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर फेंककर फरार हो गए। इस निर्मम हत्याकांड से इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों व ग्रामीणों ने थाने के सामने शव रखकर जमकर प्रदर्शन किया।

रंजिश बनी हत्या की वजह, छह पर केस दर्ज

उज्ज्वल शर्मा के इकलौते बेटे की हत्या के बाद उसके परिजनों ने थाने के सामने शव रखकर जाम लगाया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। करीब डेढ़ घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ही धरना समाप्त हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। मृतक की मां बबली ने हस्तिनापुर थाने में छह युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिनमें हस्तिनापुर निवासी गौरव, शैकी उर्फ सौरभ, सैफपुर निवासी नीटू और उनके साथी तुषार, चुनमुन व गुडडू शामिल हैं।

ममेरी बहन की शादी से जुड़ा था विवाद

पुलिस जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का खुलासा हुआ है। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक उज्ज्वल की ममेरी बहन की शादी आरोपी शैकी से हुई थी। कुछ समय पहले दंपती के बीच विवाद होने पर एक पंचायत हुई थी, जिसमें उज्ज्वल की शैकी और उसके साथियों से कहासुनी हो गई थी। इसी पंचायत के बाद शैकी और अन्य आरोपियों ने उज्ज्वल के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया था। परिजनों का आरोप है कि तभी से आरोपी उज्ज्वल से रंजिश रखते थे और उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे।

डॉक्टर बनने का था सपना

ग्रामीणों ने बताया कि उज्ज्वल शर्मा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उनके पिता सुभाष और माता बबली मेहनत-मजदूरी करके परिवार का गुजारा करते थे। उज्ज्वल बीफार्मा की पढ़ाई के साथ एक मेडिकल स्टोर पर अप्रेंटिसशिप कर रहा था। उसका सपना था कि वह पढ़ाई पूरी कर एक डॉक्टर बने, लेकिन अपराधियों ने उसके सपनों को बेरहमी से कुचल दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और बाकी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

Also Read: UP: रक्षाबंधन की रात चचेरे भाई ने की नाबालिग बहन से दरिंदगी, फिर गला घोंटकर मार डाला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.