Meerut News: BJP युवा मोर्चा के पदाधिकारी प्रमोद कुमार भड़ाना की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार
Meerut News: किठौर थाना क्षेत्र के भदोली गांव में शनिवार सुबह भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री और बीडीसी सदस्य प्रमोद कुमार भड़ाना की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि हत्या का आरोप गांव के ही निवासी रॉबिन गुर्जर पर है, जो वारदात के बाद फरार हो गया है।
आरोपित ने मृतक के घर पर फायरिंग की
जानकारी के अनुसार, प्रमोद सुबह खेत में चारा लेने गए थे, तभी रॉबिन ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोली लगने के बाद ग्राम प्रधान सतीश उन्हें अपनी कार से अस्पताल ले जा रहे थे, तभी आरोपी ने रास्ते में कार पर भी फायरिंग की। अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद रॉबिन मृतक के घर भी पहुंचा और वहां भी फायरिंग की, जिससे गांव में दहशत फैल गई।
रिपोर्ट दर्ज करवाने को लेकर रॉबिन था नाराज
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह घटना हापुड़ जिले के नानपुर गांव में हुई फायरिंग की रंजिश के चलते हुई है। उस मामले में प्रमोद और ग्राम प्रधान सतीश का बेटा पीड़ित पक्ष के साथ गढ़मुक्तेश्वर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने गए थे। सूत्रों के अनुसार, रॉबिन ने इसी नाराजगी में हमला किया।
एसपी देहात अभिजीत ने बताया कि आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनज़र गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
Also Read: पंजाब पुलिस ने अबू धाबी से खालिस्तानी आतंकवादी परमिंदर सिंह पिंडी को दबोचा, भारत लाया गया

