Meerut News: हिस्ट्रीशीटर अंकित उर्फ आदि का शव मिला, बर्थडे पार्टी से लौटते समय हुई थी रहस्यमय मौत

Meerut News: मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर अंकित उर्फ आदि गुर्जर का शव शुक्रवार को मवाना खुर्द में बरामद हुआ। 27 वर्षीय अंकित न्यू मीनाक्षीपुरम गली नंबर-4 में परिवार के साथ रहता था और अपने पिता कमल सिंह के साथ ई-रिक्शा चलाता था। गुरुवार को वह सुबह 8 बजे ई-रिक्शा लेकर निकला था। शाम को पत्नी दिव्या से फोन पर बात करते हुए उसने बताया कि वह सलारपुर में दोस्त रोहन जाट के जन्मदिन पार्टी में है और एक घंटे में लौट आएगा। रात 10 बजे पत्नी ने दोबारा फोन किया तो उसने जल्द आने की बात कही, लेकिन रात 12:30 बजे उसका फोन बंद हो गया।

छोटे भाई अंकुर ने पूरी रात तलाश की

परिवार ने उसके दोस्त शिवम पंडित से संपर्क करने की कोशिश की, पर उसका नंबर भी बंद था। छोटे भाई अंकुर ने पूरी रात तलाश की। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे शिवम का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि रात कुछ लोग अंकित और उसे जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। शिवम को ट्रांसलेम कॉलेज के पास फेंक दिया गया, जबकि अंकित को कार में ले जाया गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

इस सूचना के बाद अंकुर ने गंगानगर पुलिस को जानकारी दी। आसपास थानों में तलाश के दौरान मवाना पुलिस ने बताया कि मवाना खुर्द में एक शव मिला है। अंकुर मौके पर पहुंचा और शव की पहचान अंकित के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ससुराल पक्ष के लोग भी शामिल हुए थे

अंकित की शादी आठ साल पहले हुई थी। उसके परिवार में पिता कमल, मां पुष्पा, पत्नी दिव्या, सात वर्षीय बेटी खुशी, छोटा भाई अंकुर और उसकी पत्नी सहित दो विवाहित बहनें हैं। 9 अगस्त को ही बेटी खुशी का जन्मदिन परिवार ने धूमधाम से मनाया था, जिसमें प्रयागराज से ससुराल पक्ष के लोग भी शामिल हुए थे।

दोनों के फोन बंद हैं

घटना के बाद से अंकित के दोस्त रोहन जाट और शिवम पंडित दोनों फरार हैं। रोहन सलारपुर का रहने वाला है, जबकि शिवम इंचौली के सैनी गांव का है और परतापुर में किराए पर रहता था। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद शिवम ने अपना किराए का कमरा खाली कर दिया है और दोनों के फोन बंद हैं।

फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है

गंगानगर थाना प्रभारी के अनुसार अंकित पर सात आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। शुक्रवार दोपहर परिवार थाने पहुंचा था, जहां मवाना पुलिस द्वारा भेजी गई तस्वीर देखकर भाई अंकुर ने शव की पहचान की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.