Meerut News: डॉक्टर ने क्लीनिक को बनाया अय्याशी का अड्डा, 400 रुपये में देता था केबिन
Meerut News: क्रांतिधरा मेरठ के शास्त्रीनगर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक डॉक्टर ने सेवा और इलाज के केंद्र यानी अपने क्लीनिक को ही देह व्यापार का अड्डा बना डाला। इलाज के नाम पर डॉक्टर यहाँ युवक-युवतियों को अनैतिक काम के लिए जगह मुहैया कराता था। शनिवार को स्थानीय लोगों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने रंगे हाथ पकड़कर इस पूरे गोरखधंधे का पर्दाफाश कर दिया।
मरीज नहीं, मजनू आते थे क्लीनिक
मामला शास्त्रीनगर के एल-ब्लॉक का है। यहाँ एक मकान में आरोपी डॉक्टर ने किराये पर जगह लेकर अपना क्लीनिक खोला था। स्थानीय लोगों को पिछले काफी समय से इस क्लीनिक की गतिविधियों पर शक था। मोहल्ले वालों का कहना था कि यहाँ अक्सर ऐसे युवक-युवतियां आते थे, जो कहीं से भी मरीज नजर नहीं आते थे। शनिवार दोपहर जब संदिग्धों की तादाद बढ़ी, तो लोगों का शक यकीन में बदल गया।
दोपहर के वक्त मोहल्ले के लोग एकजुट हुए और अचानक क्लीनिक पर धावा बोल दिया। लोगों ने पूरे मकान को चारों तरफ से घेर लिया और अंदर मौजूद युवक-युवतियों को बाहर निकालकर पूछताछ शुरू की। जब पकड़े गए लोग वहाँ मौजूद होने का कोई ठोस कारण नहीं बता पाए, तो स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया।
लोगों ने पकड़े गए सभी संदिग्धों और डॉक्टर को वापस क्लीनिक के अंदर धकेला और बाहर से ताला जड़ दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब ताला खुलवाया, तो अंदर का नजारा देख सब दंग रह गए।
सिर्फ 300-400 रुपये में मिलता था ठिकाना
पुलिस की शुरुआती पूछताछ और जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर अपने क्लीनिक में अवैध गतिविधियों के लिए मात्र 300 से 400 रुपये की फीस लेकर केबिन उपलब्ध कराता था। पुलिस ने मौके से डॉक्टर समेत पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों की शिकायत और हंगामे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पांच लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेजा गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Lucknow News: पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर ‘नकाबजन बाबादीन’, बंद मकान में की थी लाखों की चोरी

